- मेडिकल कॉलेज में चल रहा अज्ञात व्यक्ति का इलाज

- कुसम्ही जगल में गला रेतकर जान लेने की हुई कोशिश

GORAKHPUR: खोराबार एरिया के कुसम्ही जंगल में विनोद वन के पास फेंके गए सीनियर सिटीजन की हालत में सुधार होने लगा है। पुलिस का कहना है कि जल्द उनसे बातचीत कर हमलावरों की जानकारी जुटा ली जाएगी। आशंका है कि पारिवारिक विवादों के कारण सीनियर सिटीजन की जान लेने की कोशिश हुई है। वह आसपास किसी इलाके के रहने वाले हैं।

टेंपो से लाए थे हमलावर

कुसम्ही जंगल में रविवार सुबह करीब 60 साल के व्यक्ति की गला रेतकर हत्या की कोशिश हुई थी। सेना भर्ती की तैयारी करने वाले रोजाना जंगल में दौड़ लगाने जाते हैं। बुढि़या माई मंदिर के रास्ते पर पश्चिम तरफ खाली पड़ी भूमि पर ही युवकों ने जिम बना रखा है। रविवार सुबह युवक वहां पहुंचे। तभी एक साइकिल सवार ने भागते हुए बताया कि कुछ लोग एक बुजुर्ग का गला रेतकर जान लेने की कोशिश कर रहे हैं। यह जानकारी मिलने पर युवक दौड़ पड़े। उनको आते देखकर हमलावर भाग निकले। युवकों की सूचना पर पुलिस ने उनको मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। घटनास्थल के पास कागज भी जलाया गया था। बुजुर्ग को टेंपो से लाया गया था। हमलावरों में एक महिला और दो अन्य पुरुष शामिल थे।

वर्जन

इस मामले की छानबीन की जा रही है। घायल की हालत में सुधार हो रहा है। जल्द पुलिस उनके बारे में जानकारी जुटा लेगी।

सुमित शुक्ला, सीओ कैंट