- निगम में दो शोक संदेश के बाद रखा गया दो मिनट का मौन

- खिलाडि़यों के साथ शहरवासियों ने दी श्रद्धांजलि

GORAKHPUR: सीएम योगी आदित्यनाथ के पिता आंनद सिंह बिष्ट ने सोमवार को दिल्ली एम्स में आखिरी सांस ली। इस दुखद घटना के बाद गोरखपुर में मातम पसर गया। सभी ने अपने-अपने अंदाज में श्रद्धांजलि दी। जहां कुछ ने दो मिनट का मौन रखा, तो वहीं कुछ जगह पर मृतक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। नगर निगम में भी एक शोक सभा ऑर्गनाइज की गई। इसमें मेयर सीताराम जायसवाल ने शोक संदेश पढ़ा और इसके बाद नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह ने दो मिनट का मौन रखने की घोषणा की और निगम में मौजूद सभी इसमें शामिल हुए। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का भी ख्याल रखा गया। इस दौरान दिवंगत आत्मा को शांति मिले और परिवार को इस दुख को सहने की ताकत मिले, इसकी भी प्रार्थना की गई। इसके बाद निगम कार्यालय बंद हो गया।

खिलाडि़यों ने भी जताया शोक

मुख्यमंत्री के पिता के निधन पर खिलाडि़यों में भी शोक की लहर दौड़ गई। गोरखपुर के खेल संगठनों और खिलाडि़यों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। लॉकडाउन के दौरान सभी ने अपने-अपने घरों में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। शोक व्यक्त करने वालों में हॉकी संघ के अध्यक्ष धीरज सिंह हरीश, कबड्डी संघ के अध्यक्ष अरुणेश शाही, कुश्ती संघ के अध्यक्ष दिनेश सिंह, कुश्ती संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य आदित्य प्रताप सिंह के साथ ही विभिन्न खेलों के खिलाडि़यों ने भी शोक व्यक्त किया।

भाई ने दी श्रद्धांजलि

भोजपुरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने भी आनंद सिंह बिष्ट के निधन पर श्रद्धांजलि दी है। भाई के क्षेत्रीय निदेशक और यूपी संगीत नाटक एकेडमी के सदस्तय राकेश श्रीवास्तव के साथ मेंबर्स ने भी सीएम के पिता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वहीं गोरखनाथ में रहने वाली चौधरी फैमिली ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है और परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की है।