शाहपुर में शनिवार को लूटी थी इंजीनियर की पत्‍‌नी की चेन

गगहा में महिला से टप्पेबाजी करने वाले एक शातिर को पकड़ा

GORAKHPUR: गगहा एरिया में महिला को कागज की गड्डी थमाकर जबरन 21 हजार लेकर भागने का एक आरोपित पकड़ा गया। उसके दो अन्य साथियों की तलाश पुलिस कर रही है। शातिरों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे का फुटेज जारी किया, जिससे उनकी पहचान आसान हो गई। उधर, शाहपुर एरिया में शनिवार सुबह मार्निंक वॉक पर निकली इंजीनियर की पत्नी की चेन लूटने वाले बाइक सवार बदमाशों की फुटेज रविवार को पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हुई। पुलिस ने फुटेज के आधार पर सूचना देने की अपील पब्लिक की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द बदमाशों को अरेस्ट कर ि1लया जाएगा।

बैंक से लौट रही महिला से लूटे थे रुपए

13 अक्टूबर को गगहा, मझगांवा स्थित एसबीआई की ब्रांच से रुपए निकालकर लौट रही महिला से बदमाशों ने जबरन रुपए छीन लिए थे। महिला के हाथ में 21 हजार रुपए की गड्डी थमाकर बदमाश रुपए लेकर फरार हो गए। महिला ने पुलिस को बताया कि बैंक में उन्हीं बदमाशों ने रुपए निकालने में मदद की थी। बैंक से मिले सीसीटीवी फुटेज को वायरल करके पुलिस जांच में जुटी रही। रविवार सुबह बड़हलगंज एसएचओ को सूचना मिली कि घटना में शामिल एक शातिर साउंखोर तिराहे पर मौजूद है। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की तो उसकी पहचान गगहा, अहिरौली निवासी विकास यादव के रूप में हुई। उसके पास से बाइक, तमंचा, कारतूस और 3240 रुपए नकदी बरामद हुई। उसने पुलिस को बताया कि वह अपने दो साथियों उमेश यादव और सत्येंद्र यादव के साथ मिलकर टप्पेबाजी करता है।

चेन लुटेरों की फुटेज, सोशल मीडिया पर वायरल

शाहपुर एरिया में शनिवार सुबह अशोक नगर गांगुली टोला में बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला की चेन लूट ली। इंजीनियर विनय कुमार की पत्‍‌नी माधुरी मोहल्ले में टहलने निकलीं। तभी पीछे से बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनकी चेन लूट ली। महिला के शोर मचाने पर लोगों को जानकारी हुई। लोग अपने घरों से बाहर निकलकर कुछ समझ पाते। इसके पहले बदमाश फरार हो गए। शाहपुर थाना से महज दो सौ मीटर की दूरी पर हुई वारदात में पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकाली। बाइक सवार बदमाशों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए सोशल मीडिया पर बदमाशों की फोटो जारी की गई। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को अरेस्ट कर लिया जाएगा।