- बड़हलगंज में किशोरी के सुसाइड अटेंप्ट का मामला

- मेडिकल कालेज में जिंदगी मौत से जूझ रही किशोरी

GORAKHPUR: पुलिस लगातार खुलासे पर खुलासे कर रही है, लेकिन जब कोई बड़ी घटना या शिकायत होती है तो उस मामले में पुलिस फेल नजर आती है। बड़हलगंज की घटना में भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला। शोहदों की हरकत से तंग आकर छात्रा के सुसाइड की कोशिश पर पुलिस हरकत में आई। दो आरोपियों को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। तीसरे आरोपी की आजमगढ़ में तलाश चल रही है। एसपी साउथ ने बताया कि आजमगढ़ में छिपे आरोपी को पकड़ने के लिए टीम लगाई गई है।

आठ माह से परेशान कर रहे थे शोहदे

बड़हलगंज क्षेत्र की एक किशोरी को शोहदे काफी दिनों से परेशान कर रहे थे। आठ माह पूर्व उसके साथ शोहदों ने छेड़छाड़ की। परेशान हाल परिजन उसे अपने साथ लेकर जम्मू-कश्मीर चले गए। कुछ दिन पूर्व किशोरी लौटी तो शोहदे फिर उसके पीछे पड़ गए। 27 दिसंबर की सुबह करीब सवा छह बजे किशोरी अपनी बहन संग नेचुरल काल पर निकली। तभी शोहदों ने उसके साथ गलत हरकतें की। किसी तरह से खुद को बचाकर किशोरी घर पहुंची।

उलाहना देने पर भिड़े मनबढ़

किशोरी ने परिजनों को मामले की जानकारी दी। परिजन उलाहना लेकर पहुंचे तो मनबढ़ों ने मारपीट शुरू कर दिया। किशोरी के घरवालों ने मामले की जानकारी बड़हलगंज पुलिस के दी, लेकिन शोहदों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे आहत होकर किशोरी ने खुद को आग के हवाले कर दिया। किसी तरह से आग बुझाकर परिजन उसे अस्पताल ले गए। गंभीर हाल किशोरी को मेडिकल कॉलेज में एडमिट कराया गया। मामला सामने आने पर पुलिस हरकत में आई। सेमरा बुजुर्ग निवासी राहुल यादव, अमित साहनी और अर्जुन साहनी के खिलाफ छेड़छाड़, जानमाल की धमकी देने, अनुसूचित जाति के उत्पीड़न की धाराओं में केस किया। राहुल यादव और अर्जुन साहनी को अरेस्ट करके पुलिस अमित की तलाश में जुटी है।

किशोरी के साथ छेड़छाड़ के मामले में दो आरोपियों को अरेस्ट कर लिया गया है। तीसरे आरोपी की तलाश चल रही है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ज्ञान प्रकाश चतुर्वेदी, एसपी साउथ