- मास्क पर जुर्माना लगने के बाद शहर में नजर आया खौफ

- अधिकांश ने पहन लिया मास्क, हेलमेट में भी बिना मास्क के नहीं निकले बाहर

- सुबह से शुरू हो गई चेकिंग, पब्लिक को किया अवेयर

GORAKHPUR: शहर में कोरोना संक्रमण बढ़ता जा रहा है। शासन से मिले निर्देशों के बाद पुलिस भी सख्ती के मूड में आ गई है। शनिवार की सुबह से ही पुलिस ने मास्क न पहनने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। अधिकांश लोग मास्क पहने नजर आए। चालान का खौफ इस कदर नजर आया कि बिना हेलमेट बाइक चला रहे लोग भी मास्क में पहने रहे। बिना मास्क वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की। चालान काटने से ज्यादा लोगों को अवेयर करने पर जोर दिया गया। एडीजी जोन अखिल कुमार ने निर्देश दिया है कि मास्क की चेकिंग के दौरान किसी से दु‌र्व्यवहार नहीं करना है। लोगों को यह बताना है कि मास्क पहनना उनके लिए कितना जरूरी है। कुछ ऐसा हाल शहर में विभिन्न जगहों पर नजर आया।

आज इक्का-दुक्का ही बिना मास्क के नजर आए हैं

स्पॉट: एक

स्थान: कचहरी चौक

समय: दोपहर दो बजे

कचहरी चौक पर दोपहर में आम दिनों की अपेक्षा कम भीड़ थी। इस चौराहे से गुजरने वाले ज्यादातर लोग भलोटिया मार्केट में दवा लेने जा रहे थे। बाकी लोगों को सीधे शास्त्री चौक की ओर से आवाजाही कर रहे थे। इस चौराहे पर ट्रैफिक रुकने पर बाइक सवार 21 लोग नजर आए। जबकि दो कारों में आगे की तरफ दो लोग बैठे हुए थे। इनमें सभी लोगों ने मास्क पहन रखा था। यदि किसी के पास मास्क नहीं था। तो उसने गमछे से ही अपना मुंह ढक रखा था। चौराहे पर मौजूद पुलिस कर्मचारियों ने बताया कि आज ज्यादातर लोग मास्क में नजर आ रहे हैं। इक्का-दुक्का ही बिना मास्क के नजर आए हैं।

कैमरा देखते ही नाक पर चढ़ा लिया मास्क

स्पॉट: दो

स्थान: गणेश चौक

समय: दोपहर दो बजकर 15 मिनट

गणेश चौराहे पर भी काफी ट्रैफिक रहता है। इस चौराहे से होकर लोग सिनेमा रोड और पोस्ट ऑफिस की तरफ जाते हैं। रोज की तरफ पुलिस कर्मचारी ट्रैफिक संभालते हुए नजर आए। काली मंदिर की तरफ से आने वाला सिग्नल बंद होने पर लोग खड़े हो गए। इस दौरान देखा गया कि आगे की कतार में 11 लोग थे। उन सभी लोगों ने मास्क पहन रखा था। दो लोगों का मास्क नाक से नीचे सरका हुआ था। लेकिन जैसे ही उन्होंने कैमरा देखा। उन लोगों ने तुरंत ही मास्क पहन लिया। यही हालत शहर के अन्य चौराहों पर भी रही।

मार्केट में भी दिखा मास्क, पहने नजर आए लोग

दो दिन पहले तक बेपरवाही से घूम रहे लोगों में मास्क को लेकर अवेयरनेस नजर आई। मार्केट में आने वाले ज्यादातर लोगों ने मास्क पहन रखा था। लोगों ने मास्क की गंभीरता दिखानी शुरू कर दी है। पुलिस से जुड़े लोगों का कहना है कि अधिकांश लोग बढ़े हुए जुर्माने के खौफ से मास्क पहनने लगे हैं।

पैनी निगाह बनाकर खोजे गए बिना मास्क वाले मुंह

- शहर में सुबह से ही पुलिस चौराहों पर जम गई।

- विभिन्न जगहों पर पुलिस ने अभियान चलाया।

- दिन में पैनी निगाह बनाकर बिना मास्क वाले खोजे गए।

- हालत यह रही कि चालान काटने में पुलिस के पसीने छूट गए।

- यूनिवर्सिटी चौराहे पर सुबह 10 बजे से पुलिस बिना मास्क वालों को अवेयर करने लगी।

- इस दौरान पैनी निगाह बनाकर बिना मास्क वालों को तलाशा गया।

- चौराहे पर मौजूद यूनिवर्सिटी चौकी इंचार्ज ने बताया कि लोग अवेयर हुए हैं। इसे बनाए रखने की जरूरत है।

बिना हेलमेट बाइक वालों ने पहना मास्क

शहर में बाइक चलाते समय लोग हेलमेट पहने या ना पहने, लेकिन मास्क पहनने में अवेयरनेस दिखा रहे हैं। सड़कों पर ऐसे लोग भी नजर आए जिन्होंने हेलमेट नहीं पहना। लेकिन कोरोना संक्रमण और पुलिस के डर से मास्क जरूर पहन रखा था। ऐसे लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने की हिदायत भी पुलिस ने दी।

एसपी सिटी ने खुद काटे चालान, दी हिदायत

- बिना मास्क वालों के खिलाफ सख्ती बरतते हुए एसपी सिटी ने खुद चालान काटा।

- मोहद्दीपुर में पहुंचे एसपी सिटी ने दोपहर में चेकिंग की।

- उन्होंने कहा कि पूरे शहर में अभियान शाम सात बजे तक चलाया गया।

- एसपी सिटी ने बताया कि जिन लोगों ने मास्क नहीं पहना था।

- उनसे जुर्माना भी वसूल किया गया है।

- सोशल मीडिया पर बढ़े हुए जुर्माना की सूचना वायरल होने का असर भी दिखा है।

शहर में बिना मास्क पहने घर से बाहर निकलने वालों लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। शनिवार को सघन अभियान चलाया गया। कार्रवाई से ज्यादा लोगों को अवेयर करने पर ज्यादा जोर दिया गया। नियम तोड़ने वालों से अधिकतम जुर्माना वसूल किया जाएगा।

सोनम कुमार, एसपी सिटी