- एडीजी का निर्देश, 11 जिलों में लागू होगी व्यवस्था

- थानों पर तैनात महिला कांस्टेबल को सौंपी जाएगी जिम्मेदारी

- रेप, छेड़छाड़ और पाक्सो के मामले में पीडि़तों से लेंगे जानकारी

GORAKHPUR: महिला उत्पीड़न के मामलों की संवेदनशीलता को देखते हुए घर-घर पहुंचेगी। रेप, छेड़छाड़ और पाक्सो एक्ट के मामलों सहित महिला अपराध से पीडि़तों का हालचाल पुलिस पूछेगी। इसके लिए हर थाना क्षेत्र और पुलिस चौकी पर महिला कांस्टेबल की ड्यूटी लगाई जाएगी। एडीजी जोन अखिल कुमार ने इस संबंध में कार्रवाई का निर्देश जारी किया है। एडीजी का कहना है कि कई बार पीडि़तों को जानमाल की धमकी मिलती है। उन पर मुकदमे उठाने के दबाव बनाए जाते हैं। ऐसे में पीडि़तों की पूरी मदद हो सकेगी। किसी तरह की परेशानी होने पर समस्या का समाधान हो सकेगा।

एडीजी के सामने आई प्रॉब्लम

महिलाओं के साथ होने वाली घटनाओं, उत्पीड़न की शिकायतों पर पुलिस कार्रवाई करती है। एक समय के बाद पुलिस भी उनको भूल जाती है। मामला कोर्ट-कचहरी तक पहुंचने के बाद भी पीडि़तों को कई तरह की समस्या का सामना करना पड़ता है। अक्सर मुकदमा उठाने से लेकर पुलिस का सहयोग न मिलने की शिकायतें भी आती हैं। इसको देखते हुए नई व्यवस्था बनाई गई है। इसके अलावा नए मामलों में पीडि़त थानों पर जाने से बचती हैं। इस वजह से उनको घर में ही रहकर उत्पीड़न सहना पड़ता है। महिला पुलिस कर्मचारियों के घर-घर पहुंचने से विभिन्न तरह की समस्याओं का समाधान हो सकेगा।

यह होगी प्रक्रिया, मिलेगा लाभ

- उत्पीड़न की शिकार महिलाओं का पूरा ब्यौरा तैयार किया जाएगा।

- थाने में बीटवार उनकी जानकारी जुटाई जाएगी। मोहल्ले निर्धारित होंगे।

- थाने में तैनात महिला कांस्टेबल को पीडि़तों की सूची दी जाएगी।

- लिस्ट लेकर महिला कांस्टेबल पीडि़तों से बातचीत करके जानकारी लेंगी।

- पीडि़त के घर जाकर उनका हालचाल लेना होगा। इसकी सूचना भी दर्ज होगी।

- पीडि़त को किसी तरह की प्रॉब्लम होने पर इसकी सूचना अफसरों को दी जाएगी।

- सुरक्षा से लेकर अन्य तरह की प्रॉब्लम दूर करने के लिए तत्काल निर्देश दिए जाएंगे।

पीडि़तों को मिलेगी सुरक्षा

एडीजी का कहना है कि पीडि़त महिलाओं से मिलकर महिला कांस्टेबल पूरी जानकारी लेंगी। रेप, छेड़छाड़, पाक्सो सहित अन्य मामलों की जानकारी होने पर उनकी सुरक्षा को लेकर उपाय किए जाएंगे। सुरक्षा के प्रति महिलाओं का भरोसा बढ़ाने के लिए कार्रवाई की जाएगी।

रोजाना सामने आते केस

जिले में रोजाना महिला उत्पीड़न के केस सामने आते हैं। रेप, छेड़छाड़, पाक्सो और अपहरण सहित अन्य की शिकायत होती है। ऐसे में कार्रवाई का निर्देश सीनियर पुलिस अधिकारी देते हैं। अफसरों का कहना है कि पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों का भरोसा भी बढ़ेगा।

पीडि़त महिलाओं की सुरक्षा को लेकर यह कदम उठाया गया है। जोन के सभी जिलों में यह व्यवस्था लागू होगी। थानों पर तैनात महिला कांस्टेबल की ड्यूटी लगाई जाएगी। पीडि़तों की समस्या सामने आने पर उनका समाधान किया जाएगा।

अखिल कुमार, एडीजी जोन