- खोराबार के कैथवलिया में फायरिंग का मामला

- मेडिकल कॉलेज में चल रहा घायल का उपचार

GORAKHPUR: खोराबार एरिया के कैथवलिया में गोली चलाने वाला पुलिस की पकड़ से दूर है। नामजद आरोपियों में शामिल प्रधान के भाई को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। प्रधान और उसके बेटे की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। उनका कहना है कि प्रधान और उसके बेटे को अरेस्ट कर लिया जाएगा। उधर हमले में घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। रविवार की शाम पांच बजे उसका ऑपरेशन नहीं हो सका था।

तीन पर दर्ज हुआ था केस

शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे चुनाव की रंजिश को लेकर कैथवलिया में असलहे गरजे। गांव के बलराम और उनके बड़े बेटे अरविंद उर्फ पप्पू यादव से प्रधान चुनाव को लेकर रंजिश चल रही थी। आरोप है कि प्रधान अवधेश का बेटा अनिकेत उर्फ निरहुआ बात करने के बहाने पहुंचा। अरविंद को पास बुलाकर ताबड़तोड़ गोलियां दाग दी। इस मामले में बलराम ने प्रधान, उसके भाई और बेटे के खिलाफ केस दर्ज कराया। हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में केस दर्ज करके पुलिस जांच में जुट गई। पुलिस ने आरोपी प्रधान के भाई दुर्जन को अरेस्ट कर लिया।

गांव में तनाव बरकरार

प्रधान की रंजिश को लेकर हुई फायरिंग से गांव में तनाव है। इसको देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। शनिवार की देर रात पुलिस अधिकारी भी गांव में पहुंचे। ग्रामीणों से मामले की जानकारी लेकर अभियुक्तों को अरेस्ट करने का निर्देश दिया। उधर हमले में घायल अरविंद उर्फ पप्पू की हालत नाजुक बनी है। परिजनों ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। रविवार की शाम परिजनों ने बताया कि शाम पांच बजे तक उसका ऑपरेशन नहीं हो सका था। डॉक्टर संदेश की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है।

प्रधान के भाई को अरेस्ट कर लिया गया है। अन्य की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। प्रधान और उसके बेटे को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अभय कुमार मिश्रा, सीओ, कैंट