- वार्ड नम्बर 60 में सड़क, नाली से बेहाल है पब्लिक

- बार-बार करते कम्प्लेन सुनवाई नहीं होती

GORAKHPUR: गोरखपुर में आज भी वार्ड में समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। लाख कोशिशों के बाद भी सड़कों की हालत खस्ता बनी हुई है। इसकी वजह से नालियां भी ओवरफ्लो रहती हैं। वार्ड नम्बर 60 रुस्तमपुर इलाका यहां पर कई सड़कों का हाल बदहाल है, जिम्मेदारों के पास जिसे बनवाने तो दूर देखने तक का टाइम नहीं है। रुस्तमपुर की पब्लिक ने कई जगह कम्प्लेन भी की, लेकिन हर जगह इनकी बात को अनसुना कर दिया जाता है। थक हार कर यहां की पब्लिक ने दैनिक जागरण आई नेक्स्ट से अपना दर्द शेयर किया।

सुनता नहीं कोई

रुस्तमपुर वार्ड में करीब 30 हजार से अधिक आबादी निवास करती है। जब शहर में विकास कार्य की गति बढ़ी तब यहां के लोगों को भी लगा कि मेरी कालोनी भी चमकेगी, लेकिन ऐसा अभी तक नहीं हो पाया है। कालोनीवासियों का कहना है कि इस वार्ड के कुछ एरिया को छोड़ दिया जाए, तो बाकी जगहों की सड़कें बिल्कुल जर्जर हैं। उन्होंने बताया कि इसकी कम्प्लेन कई निगम में भी कई गई, लेकिन नतीजा शून्य रहा। सड़क की वजह से नाली का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर इधर उधर फैला रहता है। जिसमे से होकर बच्चों और बड़ों को गुजरना पड़ता है। इधर मच्छरों का भी आंतक बढ़ा है। यहां फागिंग भी प्रॉपर नहीं होती है।

पार्षद का कहना है

रुस्तमपुर के पार्षद प्रतिनिधि धर्मेन्द्र सिंह का कहना है कि तीन साल में दर्जनों सड़क बनाई गई है। कुछ सड़कें जो दुरूस्त करवानी है उसका प्रपोजल नगर निगम में दे दिया है। प्रपोजल पास होते ही खराब सड़कें भी चमकने लगेगी। नगर निगम में बजट के अभाव की वजह से प्रपोजल रुका पड़ा है।

सड़कों हाल तो सबके सामने है। इसके लिए कुछ बताने की जरूरत नहीं है। इसके बाद भी यहां की सड़कें बदहाल छोड़ दी गई हैं।

तबरेज आलम

बच्चों को आने जाने में सबसे अधिक दिक्कत होती है। इसलिए कम्प्लेन भी करने जाता हूं। अब कोई नहीं आ रहा है, तो क्या कर सकता हूं।

शकील अहमद

सड़क की मरम्मत हो जाती तो पब्लिक को आने जाने में प्रॉब्लम नहीं होती। नगर निगम को सबसे पहले इस सड़क का दुरुस्त कराना चाहिए।

राहुल सिंह