- कांग्रेस पार्टी की घोषणा कमेटी के चेयरमैन ने 70 संगठनों से की मुलाकात

- हर वर्ग परेशान, जनता की इच्छा को घोषणा पत्र में करेंगे शामिल

GORAKHPUR: पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस पार्टी की घोषणा पत्र (मेनिफेस्टो) कमेटी के चेयरमैन सलमान खुर्शीद ने कहा कि कांग्रेस अपने दम पर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रही है। गठबंधन होता तो हम हर जगह क्यों जाते। हम उत्तर प्रदेश की एक-एक इंच जमीन छान रहे हैं। प्रदेश के नागरिक जागरूक हो रहे हैं, कार्यकर्ता भी बहुत उत्साहित हैं। सलमान खुर्शीद रविवार को सिविल लाइंस स्थित एक क्लब में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का घोषणा पत्र तैयार करने के उद्देश्य से नागरिकों से मिलने पहुंचे सलमान खुर्शीद ने कहा कि भाजपा कहती है कि कांग्रेस ने 70 साल में कुछ नहीं बनाया। हर बात के लिए नेहरू और इंदिरा को दोष देते हैं। जब बनाया नहीं तो बेच क्या रहे हैं।

किसान हमारे अन्नदाता

किसानों पर लाठीचार्ज को राकेश टिकैत ने तालिबानी कार्रवाई बताई के सवाल पर खुर्शीद ने कहा कि यह मानवता पर प्रहार है। किसान हमारे अन्नदाता हैं। उन पर बर्बरता से लाठीचार्ज किया गया है, लेकिन इसे तालिबानी कार्रवाई नहीं कहा जा सकता है। धर्म के नाम पर मारपीट के सवाल पर कहा कि मारने वाले धर्म-जाति नहीं देखते हैं, लेकिन बचाने वाला इंसानियत देखता है। कांग्रेस इंसानियत को बचाने में जुटी है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर के साथ ही पूरे प्रदेश में किसान, बेरोजगार, शिक्षक, एनजीओ, बुनकर परेशान हैं। 70 संगठनों ने मुलाकात कर अपनी समस्या बताई है। कई अन्य लोगों ने व्यक्तिगत मुलाकात की है। सभी की समस्याओं को नोट किया गया है। हम जनता की भावना जानने आए हैं। जनता की इच्छा को घोषणा पत्र में शामिल करेंगे।

80 साल की सरवरी बेगम की करेंगे मदद

सलमान खुर्शीद से 80 वर्ष की सरवरी बेगम ने मुलाकात की। उन्होंने बताया कि कांग्रेस से वह वर्षो से जुड़ी हैं। खुर्शीद ने कहा कि पार्टी सरवरी की मदद करेगी।

कुली व रिक्शा चालकों से मिले

रविवार सुबह सलमान खुर्शीद रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने पीआरकेएस के कार्यालय में रेल कर्मचारी संगठनों, कुली संगठनों, रिक्शा चालकों से मुलाकात की। उनकी समस्याएं जानीं। यहां से वे राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया सिंह श्रीनेत के साथ आटो से क्लब पहुंचे। उन्होंने आटो चला रहीं कुंती से भी समस्याओं पर बात की। इस दौरान राष्ट्रीय सचिव रोहित चौधरी, अमिताभ दुबे, प्रदेश उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह, महासचिव त्रिभुवन नरायन मिश्र, जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान, महानगर अध्यक्ष आशुतोष तिवारी आदि मौजूद रहे।

यह मांग हुई

निजीकरण खत्म करने, नियुक्ति आउटसोर्सिग से नहीं बल्कि संविदा से करने, कृषि कानून वापस लेने, सरकारी महंगाई दूर करने, बिजली का बिल माफ करने, बुनकरों को पैकेज देने आदि की लोगों ने मांग की।