-वाहनों की गति धीमी होने के कारण घायलों को नहीं आई हैं गंभीर चोटें

-घायलों को इलाज के लिए भेजा गया जिला अस्पताल

GORAKHPUR: खोराबार थाना क्षेत्र के जगदीशपुर कस्बे के पास शनिवार सुबह घने कोहरे के चलते फोरलेन पर आधे घंटे के भीतर तीन वाहन दुर्घटनाएं हुई। सात वाहन टकरा गए। इसके कारण पांच व्यक्ति घायल हो गए। वाहनों की गति धीमी होने से घायलों को गंभीर चोटें नहीं आई हैं।

सुबह करीब आठ बजे घने कोहरे के कारण जगदीशपुर के पास दो ट्रक आपस में टकरा गए, लेकिन गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ। दूसरी घटना उससे करीब 50 मीटर पीछे 20 मिनट बाद हुई, रोडवेज की बस को ट्रक ने ठोकर मार दिया।

ये हुए घायल

बस चालक 45 वर्षीय नंदलाल गिरी निवासी कसया कुशीनगर

मंजू देवी पत्नी रामकेवल निवासिनी ग्राम शाहजहांपुर जिला देवरिया

पूनम भारती पुत्री रामकेवल

रामकेवल पुत्र निरंजन निवासी शाहजहांपुर, देवरिया

24 वर्षीय सुनील यादव पुत्र रामानंद यादव निवासी रामपुरदुबे, देवरिया

आधे घंटे के भीतर हुए तीन वाहन हादसे

पीपीगंज थाना क्षेत्र में जंगल कौडि़या कालेसर फोरलेन पर चिउटहां गांव के सामने गोलंबर के पास आधे घंटे के भीतर तीन वाहन दुर्घटनाएं हुई। सुबह करीब सात बजे एक ट्रक असम से महावनखोर बांस लाद कर आ रहा था। कोहरे के कारण उसे गोलंबर नहीं दिखा। अचानक गोलंबर देखकर चालक ने गाड़ी बाई तरफ डिवाइडर पर चढ़ा दी। गनीमत रही कि चालक मुरादाबाद निवासी अरबाज व खलासी बाल-बाल बच गए। इसके 10 मिनट के बाद एक कार गोलंबर पर चढ़ कर क्षतिग्रस्त हो गई। करीब 15 मिनट बाद लखनऊ से सोनौली जा रही मुर्गा लदी पिकअप कोहरे में गोलंबर पर चढ़ गई। इससे पिकअप चालक राशिद सहित तीन लोग बाल-बाल बच गए। चौकी इंचार्ज जंगल कौडि़या विनय कुमार सिंह का कहना है कि कोई घायल नहीं हुआ है।