परिजनों ने किया अंतिम संस्कार, बिजली निगम के मृतक जेई का है मकान

शाहपुर थाना क्षेत्र के बिछिया सर्वोदय नगर स्थित विवेक नगर में सूने मकान में घुसे किशोर की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। वह दो साथियों के साथ मछली मारने गया था। दोपहर बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

रेलकर्मी दशरथ विवेक नगर में मकान बनवाकर परिवार के साथ रहते हैं। उनका बेटा शिवम सोमवार सुबह करीब 11 बजे दो साथियों के साथ घर से निकला था। थोड़ी दूरी पर स्थित नाले में वह साथियों के साथ मछली पकड़ रहा था। साथियों ने बताया कि प्यास लगी तो शिवम बिजली निगम में अवर अभियंता(जेई) रहे स्व। अशोक श्रीवास्तव के अ‌र्द्ध निर्मित मकान की बाउंड्री फांदकर पानी पीने चला गया। अचानक उसके चीखने की आवाज सुनकर जब साथियों ने बाउंड्री के अंदर झांका तो शिवम टुल्लू पंप के पास अचेत हाल में गिरा दिखा। साथियों के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और गेट का ताला तोड़कर शिवम को बाहर निकाला। परिजन शिवम को लेकर एक निजी अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।