-बर्खास्त सिपाही की धमकी से हांपा महकमा, दर्ज हुई एफआईआर

-सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी

GORAKHPUR: मेरा नाम दिग्विजय राय है। ठीक परसो एक मर्डर करुंगा, लगातार तीन मर्डर करुंगा। अगर मजाक लग रहा है तो यूपी पुलिस बस्ती एसपी हेमराज, गोरखपुर एसपी और संतकबीर नगर के एसपी से संपर्क करें, मेरे बारे में जानकारी मिल जाएगी। कारण मर्डर के बाद पता चलेगा। मैं अपने पूरे होशहवाश में बोल रहा हूं। यदि दम है तो मुझे पकड़े। यह एसएसपी और डीएम साहब को मेरी धमकी है। बस्ती से बर्खास्त कांस्टेबल ने सोशल मीडिया पर सीरियल मर्डर की धमकी देकर सनसनी फैला दी। रविवार को उसका वीडियो वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई। आरोपित के खिलाफ कैंट थाना में जानमाल की धमकी देने, आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

बस्ती से हुआ बर्खास्त

कुशीनगर जिले के तरया सुजान एरिया के बसडीला, गोनर निवासी कांस्टेबल दिग्विजय राय की तैनाती बस्ती जिले के कप्तानगंज पुलिस स्टेशन में थी। दिसंबर में उसने पुलिस लाइन में अनुशासन तोड़कर अमर्यादित व्यवहार किया। सीनियर पुलिस अफसरों के बारे में उल्टे सीधे बयान दिए। उसने एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर डाल दिया। इसके बाद वह कहीं चला गया। 10 दिसंबर को लौटा तो उसने पुलिस लाइन में जमकर हंगामा किया। तोड़फोड़ कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। मामले की जानकारी होने पर एसपी हेमराज मीणा ने एक्शन लिया। कांस्टेबल को उन्होंने बर्खास्त कर दिया। इससे नाराज होकर उसने एसपी को उड़ाने की धमकी दी। इस मामले में पुलिस ने उसे अरेस्ट करके जेल भेज दिया था। बाद में उसे जमानत मिल गई।

फेसबुक लाइव आकर दी धमकी

दो दिन पहले आरोपित कांस्टेबल दिग्वियज फेसबुक लाइव हुआ। उसने गोरखपुर पुलिस और अधिकारियों को चुनौती देते हुए कहा कि सिटी में तीन मर्डर करुंगा। 14 फरवरी को वेलेंटाइन डे पर मोहद्दीपुर में पहला मर्डर होगा। मर्डर के बाद ही इसके बारे में पता चलेगा। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इस मामले में मोहद्दीपुर चौकी प्रभारी अरविंद सिंह ने कैंट थाना में केस दर्ज कराया।

वर्जन

धमकी देने वाले कांस्टेबल की तलाश चल रही है। जल्द उसे अरेस्ट कर लिया जाएगा।

सुमित शुक्ला, सीओ कैंट