- जनसंपर्क में उल्टी-पुल्टी डिमांड से चकराए नेता

- बिजली और वाहन चेकिंग पर रोक लगाने की मांग

GORAKHPUR: लोकसभा उपचुनाव के प्रचार में नेताओं का सिर चकरा जा रहा है। जनसंपर्क में निकले नेताओं से पब्लिक उल्टी-पुल्टी डिमांड कर रही है। सड़क पर चलते हुए पार्टियों के कार्यकर्ता ट्रैफिक पुलिस से उलझकर हंगामा काट रहे हैं तो बिजली की चेकिंग में पब्लिक रोक लगाने की डिमांड कर रही। उप चुनाव के बहाने पब्लिक भी नेताओं से लाभ उठाने की फरमाइश कर रही है। चुनाव को देखते हुए अधिकारी और कर्मचारी भी हैरान-परेशान हैं। अधिकारियों का कहना है कि नियमित चेकिंग चलती रहेगी। नियम-कानूनों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

केस एक

शनिवार को नौसढ़ में एक प्रत्याशी जनसंपर्क में निकले थे। उनके साथ पीछे-पीछे बाइक सवार कार्यकर्ता भी चल रहे थे। नेता के आगे निकल जाने पर बाइक सवार कार्यकर्ता पीछे छूट गए। उसी समय नौसढ़ के दरोगा-सिपाही वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी दोनों कार्यकर्ता पहुंच गए। दरोगा ने कागज मांगा तो कार्यकर्ता चिल्लाने लगे कि आप लोग चुनाव हराने पर आमादा हैं। इतना सुनते ही दरोगा को सांप सूंघ गया। बेचारे ने दोनों कार्यकर्ताओं को जाने दिया।

केस दो

रविवार को एक जनसभा तय थी। उस सभा में शामिल होने के लिए तमाम कार्यकर्ता जा रहे थे अंबेडकर चौराहे पर खड़े दीवान ने उनको रोकने का प्रयास किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि चार दिन का चुनाव है, इसमें भी आप लोग परेशान कर रहे हैं। कई बाइक सवार कार्यकर्ताओं के जुटने पर पर दीवान ने मामले से किनारा कस लिया।

वाहन रोकने पर उखड़ जा रहे कार्यकर्ता

शहर में दिनभर चलने वाली चेकिंग से नेताओं के कार्यकर्ताओं को काफी परेशानी हो रही है। नेता के आगे निकलने पर किसी वजह से पीछे छूटे कार्यकर्ता अपनी धौंस जमा रहे हैं। कोई मौका मिलने पर पक्ष से लेकर विपक्ष तक के कार्यकर्ता विभिन्न प्रकार के बहाने कर रहे हैं। इतना ही नहीं, किसी तरह कार्रवाई होने पर कार्यकर्ता उखड़ जा रहे हैं। वह अपने नेता से चेकिंग बंद कराने की गुहार लगा रहे हैं।

चुनाव बाद आइए बिल जमा करा देंगे

यह मुश्किल सिर्फ पुलिस विभाग नहीं झेल रहा है। बिजली विभाग के लोगों को भी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बकाया वसूलने में लगे कर्मचारियों को मोहल्ले में लोगों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्ले में टीम के पहुंचने पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को जानकारी हो जा रही है। कार्यकर्ता इस बात का प्रयास कर रहे हैं कि अपने प्रत्याशी से बात करके मामला टलवा दें। पब्लिक के खुश रहने पर वोट बटोरने में कोई प्रॉब्लम नहीं होगी। इसलिए वह दबाव बना रहे हैं कि नेता जी 11 मार्च तक चेकिंग बंद करा दीजिए।

वर्जन

बिजली चेकिंग कराई जा रही है। वह तो रोज का काम है। कभी-कभी लोग समय मांग लेते हैं। लेकिन टारगेट पूरा करने के लिए अभियान जारी रहेगा। इसमें कर्मचारियों पर किसी तरह का दबाव बनाने पर कार्रवाई होगी।

- एके सिंह, एसई, महानगर विद्युत वितरण निगम

चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान कुछ लोग अपने को कार्यकर्ता बताकर बचने का प्रयास करते हैं। ऐसे लोगों के साथ कोई नरमी नहीं बरती जा रही है। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन होने पर निष्पक्ष ढंग से कार्रवाई की जा रही है।

- आदित्य प्रकाश वर्मा, एसपी ट्रैफिक