गोरखपुर (ब्यूरो)।घायल महिला का नाम शकुंतला देवी है। वह तिवारीपुर के बड़े काजीपुर की निवासी है। इस घटना में उसका पैर टूट गया। शरीर पर जगह-जगह चोट लग गई। इतना ही नहीं दुकानदार ने घायल महिला को जिला अस्पताल के ओपीडी में लाकर पटक दिया और छोड़कर भाग गया।

अस्पताल की ओपीडी में महिला तड़पने लगी। खून से लथपथ तड़पती महिला का पता चलने पर अस्पताल के एसआईसी डॉ। राजेंद्र ठाकुर मौके पर पहुंचे। घायल महिला ने उन्हें घटना जानकारी दी। एसआईसी ने पहल कर महिला का इलाज कराया। उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। एक्सरे जांच में उसके पैर की हड्डी टूटी, जिसके बाद उसे प्लास्टर लगवाया गया। इस दौरान अस्पताल प्रशासन ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर तिवारीपुर थाने से भी सिपाही मौके पर पहुंचे।

कपड़े की दुकान पर काम करती है महिला

बताया जाता है कि घायल महिला हिन्दी बाजार में कपड़े की दुकान पर काम करती है। शुक्रवार को उसने दुकान के मालिक से वेतन की मांग की। इसी पर दुकानदार भड़क गया। उसने महिला को सिर्फ 100 रुपए बतौर वेतन के दिया। महिला ने इसका विरोध किया। इसके बाद दुकानदार आपे से बाहर हो गया। उसने दुकान में रखे डंडे से मारना शुरू कर दिया। जिसके बाद जान बचाने के लिए महिला को दुकान की खिड़की से कूदना पड़ा।

महिला को घायल हालत में कुछ लोग ओपीडी में छोड़ गए। उसे इलाज के लिए भर्ती किया गया है। उसका एक्सीडेंटल मेडिकल भी कर लिया गया है। पुलिस के सूचना दी गई है। महिला की हालत खतरे से बाहर है।

डॉ। राजेंद्र ठाकुर, एसआईसी