गोरखपुर (ब्यूरो)। गुरुवार को तेज रफ्तार से चली बर्फीली हवाओं के कारण कड़ाके की ठंड और गलन का अहसास हुआ। लोग घरों दुबके रहे। जो घर से बाहर निकले उन्हें सर्दी से जूझना पड़ा। तेज सर्द हवाओं के कारण गर्म कपड़ों के बाद भी ठंड परेशान करती रही। सुबह से कोहरा छाया हुआ था। दोपहर 12.30 बजे के बाद कोहरे के बादल छंटे। सूरज कोहरे का चादर से बाहर आया। हालांकि बर्फीली हवाओं के कारण सूरज की तपिश बेअसर रही। गुरुवार को 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ चली। दिन में अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

बर्फबारी का असर

पिछले एक हफ्ते से जम्मू-कश्मीर, हिमांचल प्रदेश, उत्तराखंड के साथ ही नेपाल के पहाड़ों पर भारी बर्फबारी हो रही है। ऐसे में पहाड़ों की तरफ से आ रही हवा में नमी बढ़ गई है। गुरुवार को हवा में अधिकतम नमी 96 फीसदी और न्यूनतम नमी 70 फीसदी रही। इसके कारण लोगों को ठंड के साथ गलन का अहसास हुआ। मौसम विशेषज्ञ केसी पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को कोहरा छाया रहेगा। अधिकतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। 10 बजे के बाद पछुआ चलने की संभावना है। हवा 4 से 14 घंटे प्रति किलोमीटर की रफ्तार से चल सकता है।

डेट अधिकतम टम्प्रेचर न्यूनतम टम्प्रेचर

16 जनवरी 16.0 8.8

17 जनवरी 12.6 8.0

18 जनवरी 12.5 6.7

19 जनवरी 13.0 9.2

20 जनवरी 16.0 6.2