गोरखपुर (ब्यूरो)।नगर निगम के 827 बूथ यानी 192 मतदान केंद्र्र के लिए पोलिंग पार्टियां विश्वविद्यालय के संवाद भवन के पास से और वाणिज्य संकाय तथा इंजीनियरिंग संकाय से रवाना होंगी। वहीं, मंगलवार को सभी मतदान कर्मियों को ईवीएम संचालन संबंधित जानकारी दी गई। उन्हें बीयू (बैलेट यूनिट) और सीयू (कंट्रोल यूनिट) कनेक्टिविटी के बारे में बताया गया।

पोलिंग पार्टियों के लिए पूरी हुई तैयारियां

उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि संवाद भवन के पास वार्ड नंबर 1 से वार्ड नंबर 20 की पोलिंग पार्टी, वाणिज्य संकाय से वार्ड नंबर 21 से वार्ड नंबर 60 की पोलिंग पार्टी और इंजीनियरिंग विभाग से वार्ड नंबर 61 से वार्ड नंबर 80 तक की पोलिंग पार्टी रवाना होंगी। उन्होंने बताया कि पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। रेंडमाइजेशन के बाद जिन मतदान कर्मियों को जिन बूथों पर जाना है, इसकी लिस्ट सुबह यूनिवर्सिटी के गेट पर ही चस्पा कर दी जाएगी। ऐसी पोलिंग पार्टी जो रिजर्व में होंगी। उन्हें वहां से नहीं जाना है और उन्हें रिजर्व पंडाल और संवाद जहां पर ऐसी व्यवस्था की गई हो। वहां बैठना है। जैसे-जैसे पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। उसके बाद जो रिजर्व में होंगे, उनकी आवश्यकता पड़ेगी, तो उसे रिजर्व से रिप्लेस किया जाएगा।

तहसील मुख्यालयों के लिए बस की व्यवस्था

सात तहसीलों से 11 नगर पंचायतों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। गोला तहसील से नगर पंचायत गोला, बड़हलगंज और उरुवा, बांसगांव तहसील से बांसगांव, चौरीचौरा तहसील से मुंडेरा बाजार, खजनी तहसील से उनवल, कैंपियरगंज से चौमुखा और पीपीगंज, सहजनवां तहसील से घघसरा और सहजनवां नगर नपं के लिए पोलिंग पार्टी रवाना होंगी। ऐसे मतदान कर्मी जो सीधे इन तहसीलों को नहीं जाना चाहते, उनके लिए कलेक्ट्रेट कैंपस में बस की व्यवस्था है, जो सुबह 7 से 8 बजे के बीच रवाना होंगी। यदि कोई मतदान कर्मी इन बसों से अपने तहसील तक जाना चाहता है तो वह यहां से जा सकता है।

पोलिंग पार्टियों को बीयू और सीयू कनेक्टिविटी की फाइनल ट्रेनिंग दी गई। अब उन्हें बुधवार की सुबह पोलिंग बूथों के लिए रवाना कर दिया जाएगा। सभी की ड्यूटी चार्ट भी बना दी गई है।

कृष्णा करुणेश, जिला निर्वाचन अधिकारी गोरखपुर