- दूसरे चरण की तैयारी हेल्थ डिपार्टमेंट ने की शुरू

-50 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को लगना है कोविड का टीका

GORAKHPUR: कोविड वैक्सीनेशन के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। लोग अपना नाम दर्ज करा सकें, इसके लिए कोविन पोर्टल को अपग्रेड किया जा रहा है। इसके बाद लोग कॉमन सर्विस सेंटर या फिर खुद ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। इसकी डीटेल्ड इंफॉर्मेशन और प्रॉसेस एक से दो दिनों में साझा की जाएगी। यह जानकारी सीएमओ डॉ। सुधाकर पांडेय ने दी। उन्होंने बताया कि बीमार लोगों को मेडिकल का पर्चा लगाना अनिवार्य होगा, जबकि 60 वर्ष से ऊपर के लोगों को आधारकार्ड या अन्य दस्तावेज लगाने होंगे।

कोविशील्ड के 1,79,500 डोज मिले

वैक्सीनेशन के लिए जिले में वैक्सीन भी आने शुरू हो गए हैं। कोविशील्ड के 17950 वायल जिले को मिले हैं। पहली बार इतनी बड़ी संख्या में वैक्सीन जिले को मिला है। डोज की बात करें तो एक वायल में 10 डोज बनाए गए हैं, ऐसे में संख्या एक लाख 79 हजार 500 है। यह वैक्सीन 45 वर्ष से ऊपर के बीमार और 60 वर्ष से ऊपर सभी बुजुर्गो को फ्री लगनी है। इनकी संख्या करीब आठ लाख के आसपास है।

पहले चरण में अब नहीं लगेगा पहला डोज

जानकारी के मुताबिक पहले चरण में हेल्थ लाइन वर्कर और फ्रंटलाइन वर्कर्स को वैक्सीन लगना था। हेल्थ लाइन वकर्स और फ्रंटलाइन वकर्स को मिलाकर करीब 25 हजार लोगों को अब तक वैक्सीन लग चुकी है। पहले चरण में अब पहला डोज किसी को नहीं लगना है। अब केवल बूस्टर डोज ही लगने हैं। ऐसे में डिपार्टमेंट तीसरे चरण की तैयारियां शुरू कर चुका है। तीसरे चरण में 45 वर्ष से ऊपर के बीमार और 60 वर्ष से ऊपर सभी बुजुर्गो को वैक्सीन लगाया जाना है। ऐसे लोगों की संख्या करीब आठ लाख हैं। इन लोगों को वैक्सीन लगाने के लिए करीब 400 बूथ बनाए जाएंगे। जिससे की एक दिन में करीब 40 हजार लोगों को वैक्सीन लग सके।

वर्जन

जिले को काफी संख्या में वैक्सीन मिल चुकी है। वैक्सीन की कोई कमी नहीं है। चार मार्च से दूसरे चरण की शुरूआत की जाएगी। पहले दिन सांकेतिक रूप से वैक्सीन लगाया जाएगा। इसके बाद शासन से अनुमति मिलने के बाद वैक्सीनेशन की जाएगी।

डॉ। सुधाकर पांडेय, सीएमओ