SAHJANWA: नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण सहजनवां तहसील क्षेत्र के दर्जनों गांव में बाढ़ का पानी घुस गया है। आमी नदी से सटे तेलियाडीह, जोगियाकोल, भडसार समेत कई गांव पूरी तरह से मैरूंड हो गए हैं। लेकिन प्रशासन से मदद मिलना तो दूर कोई जिम्मेदार देखने के लिए भी नहीं पहुंच रहा है। ग्रामीण दीनानाथ, रामसजन, आशीष, रामगोविंद प्रकाश ने बताया कि आमी नदी का पानी उनके घरों में घुस गया है। जिससे जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लेकिन प्रशासन की तरफ से कोई मदद नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि नाव न होने से वे अपने घरों से नहीं निकल पा रहे हैं। इतना ही नहीं सैकड़ो एकड़ धान की फसल भी डूब गई है।

विद्यालय बना टापू

तेलियाडीह गांव में बाढ़ का पानी घुसने से प्राथमिक विद्यालय टापू बन गया। जिससे वहां का रास्ता भी पूरी तरह से बंद हो गया है। इसके बावजूद शिक्षा विभाग से लेकर कोई जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहा है।

ग्राम प्रधान दीपक उपाध्याय ने बताया कि पूरा गांव मैरुंड हो गया है। तहसीलदार को इसकी सूचना दी गई है। लेकिन अभी तक कोई व्यवस्था नहीं की गई है। वहीं, तहसीलदार लालजी विश्वकर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी है। लेखपाल को भेजा गया है। जल्द ही नाव की व्यवस्था करा दी जाएगी।