गोरखपुर (ब्यूरो)। गोरखपुर में छुट्टी के बाद भी वोटर्स में भी उत्साह नहीं नजर आया। मतदान सुबह 7 से 9 बजे तक सिटी में नगर निगम के लिए महज 5.85 परसेंट वोटर्स ही पोलिंग बूथ पर अपने राइट का इस्तेमाल करने के लिए पहुंचे। 9 से 11 बजे के बीच कुछ संख्या बढ़ी और सुबह 11 बजे तक 15.03 फीसद लोगों ने मतदान किया। 11 से 1 बजे के बीच फिर पोलिंग कर रफ्तार में सुस्ती देखने को मिली और नगर निगम में केवल 23.49 परसेंट वोट डाले जा सके। वहीं दिन चढ़ने के साथ ही रफ्तार में और सुस्ती नजर आई और दोपहर 3 बजे तक महज 29.18 परसेंट वोट ही डाले गए। इसके बाद अगले दो घंटों में करीब 5 परसेंट ही वोटिंग हुई और 5 बजे तक कुल 35.04 परसेंट लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। चुनाव के मद्देनजर डीएम और एसएसपी संवेदनशील मतदान केंद्रों पर मूवमेंट करते रहे।

ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा मतदान
सिटी की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान का परसेंटेज काफी अच्छा रहा। वहां पर सुबह से ही पब्लिक की भीड़ देखने को मिली। बड़ी संख्या में महिलाएं अपने घरों से बाहर निकलीं और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नगर पंचायतों में दोपहर एक बजे तक 39.90 परसेंट वोटिंग हुई। जो नगर निगम से 16.41 परसेंट अधिक है। कुछ जगहों पर छोटी-मोटी झड़प भी देखने को मिली पर प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे शांत करा दिया। दोपहर तीन बजे तक पंचयातों में 47.3 परसेंट वोड डाले जा चुके थे। वहीं पांच बजे तक पंचायतों में 57.42 परसेंट वोट डाले जा सके।

मेयर कैंडिडेट्स ने डाला वोट
सिटी में मेयर कैंडिडेट्स ने भी अपने बूथ पर जाकर वोट डाला। इसमें बीजेपी से डॉ। मंगलेश श्रीवास्तव, समाजवादी पार्टी से काजल निषाद, कांग्रेस से नवीन सिन्हा, बसपा से नवल किशोर नथानी और आम आदमी पार्टी से रमेश शर्मा ने अपने बूथ पर मतदान किया। इसके अलावा निवर्तमान मेयर सीताराम जायसवाल ने भी मतदान किया।