गोरखपुर (ब्यूरो)। खोराबार के सहारा स्टेट में दहशत बनाने के लिए सोमवार को मनबढ़ ने कुत्ते को गोली मार दी। गनीमत रही कि पास में खेल रहे बच्चों को गोली नहीं लगी। सूचना पर पीआरवी पुलिस ने जांच पड़ताल कर थाने को सूचना दी। पुलिस कुत्ते का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। सोसाइटी की तहरीर पर पुलिस आरोपित के विरुद्ध केस दर्ज करने की तैयारी में है।

गोली चलने से मची दहशत

सहारा स्टेट में दोपहर एक बजे के करीब स्थानीय बच्चे पार्क में खेल रहे थे। वहीं कुछ बुजुर्ग धूप में बैठे थे। इसी बीच एक युवक वहां पहुंचा और परिसर में घूम रहे काले रंग के कुत्ते को लाइसेंसी रिवॉल्वर से दो गोली मार दी। गोली चलने से पूरे परिसर में दहशत फैल गई। वह खेल रहे बच्चे और बुजुर्ग डर से अपने-अपने घर भाग गए। स्थानीय लोगों के अनुसार यह कुत्ता परिसर में ही रहता था। किसी को नुकसान नहीं पहुंचाता था। खेल-खेल में आरोपित के बच्चे को कुत्ते का दांत लग गया। इससे नाराज होकर सहारा स्टेट के मल्हार ब्लाक का रहने वाला आरोपित कुत्ते के पास पहुंचा और उसे दौड़ाया।

गोली मारने पर सभी ने जाहिर की नाराजगी

कॉलोनी में कुत्ते को गोली मारने की घटना के बाद वह रहने वाले लोग एकत्रित हो गए। सभी ने इस घटना पर नाराजगी जाहिर की। सभी ने बताया कि उनके बच्चे पार्क में खेलते थे, ऐसी घटना के बाद वह बच्चों को खेलने भेजने में भी डरेंगे।

अज्ञात पर दर्ज हुआ मुकदमा

घटना के बाद पशुओं पर काम करने वाली संस्था भी मौके पर पहुंचकर पुलिस के साथ जांच पड़ताल की। सीओ कैंट के अनुसार खोराबार थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में सर्वप्रथम अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।