गोरखपुर (ब्यूरो)।अभी छह माह पहले ही रेलकर्मी ने उस युवती से शादी की थी, जिसके बाद वह परिवार से अलग आलीशान पांच फ्लोर का मकान बनवा कर रह रहा था। हत्या के बाद पुलिस रेलकर्मी की पत्नी समेत किरायेदारों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वारदात के बाद एडीजी अखिल कुमार, एसएसपी डॉ। गौरव ग्रोवर और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे।

रेलवे में टेक्नीशियन था अफरोज

गोरखनाथ एरिया के जटेपुर उत्तरी निवासी अफरोज आलम अंसारी पुत्र स्व। अनवर अली रेलवे में सीनियर टेक्नीशियन थे। पहले वह अपने परिवार के साथ ही रहते थे। अफरोज ने 2012 में दिग्विजयनगर, वजीराबाद कॉलोनी में जमीन लेकर पांच मंजिला आलीशान मकान बनवाया था। जहां पर पत्नी सादिया अंसारी के साथ रहते थे। उनको कोई बच्चा नहीं था। पांच फ्लोर के मकान में अफरोज पत्नी के साथ ग्राउंड फ्लोर पर रहते थे। बाकी फ्लोर के 20 कमरे किराये पर दिए थे।

छोटे भाई जावेद ने दी तहरीर

छोटे भाई जावेद ने बताया, बुधवार देर रात करीब 2 बजे भाभी सादिया ने कॉल कर हत्या की जानकारी दी। जावेद अपने अन्य भाइयों के साथ मौके पर पहुंचे तो कमरे की लाइट बंद थी। लाइट जलाने पर अफरोज का शव बेड से नीचे फर्श पर खून से लथपथ पड़ा था। उनकी गला रेत कर बर्बरतापूर्वक हत्या की गई थी। इस बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अफरोज पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। फिरोज, परवेज, सब्बु और जावेद जटेपुर उत्तरी स्थित पुराने मकान पर परिवार के साथ रहते हैं।

छह माह पहले की थी शादी

बताया जा रहा है कि अफरोज का सादिया से अफेयर तो काफी पहले से था और साथ भी रह रहे थे। लेकिन दोनों ने शादी नहीं की थी। जावेद ने तहरीर में लिखा है कि अभी छह माह पहले अफरोज ने सादिया के साथ शादी की थी। इसके बाद से ही वह नए घर में रह रहा था।

दो युवकों से सादिया का अफेयर

जावेद ने तहरीर में लिखा है कि सादिया का किरायेदार अरसद और अभिषेक चौधरी से अफेयर हो गया था। इसको लेकर कई बार भाई अफरोज का सादिया से विवाद भी हुआ था। अफरोज अरसद और अभिषेक चौधरी को घर से बाहर करना चाह रहा था। जबकि सादिया ऐसा नहीं होने देना चाह रही थी। जावेद ने बताया कि बुधवार देर रात किरायेदार अरसद ने अभिषेक चौधरी और दो अज्ञात युवकों को योजनाबद्ध तरीके से घर में बुलाया। रात करीब 1.30 बजे तलवार से गला रेतकर हत्या कर दी।

सीसीटीवी कैमरे में कैद रात की हलचल

अफरोज ने घर में सीसीटीवी कैमरा लगवाया था। पुलिस को सीसीटीवी कैमरा खंगालने पर घटना से जुड़ी रात की हलचल मिल गई है। सीसीटीवी कैमरे में दिख रहा है कि रात में एक बजे चौथी मंजिल पर रहने वाले किरायेदार प्रेमी अरसद ने मुख्य गेट का ताला खोला था। महराजगंज जिले का रहने वाला अभिषेक चौधरी अपने दो साथियों के साथ अंदर दाखिल होने के बाद पहले ऊपर अपने कमरे में गया। तलवार लेकर नीचे आने के बाद अफरोज के कमरे में पहुंचा। अफरोज के कमरे का दरवाजा पहले से खुला था।

घटना से जुड़ी टाइमिंग

रात 1:30-2:00 बजे के बीच हुई हत्या

रात 2:20 पर 112 पर कॉल कर सूचना दी गई

रात 2:25 बजे पीआरवी पहुंची

रात 2:45 बजे थाने की पुलिस पहुंच गई

परिजनों की तहरीर पर मृतक की पत्नी और उनके दो संपर्कियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार संदिग्धों से पूछताछ चल रही है। बहुत जल्द पूरी घटना का खुलासा हो जाएगा।

कृष्ण कुमार बिश्नोई, एसपी सिटी