- बैरियर और चेक पोस्ट पर चेकिंग करके देते रहे हिदायत

- चुनाव ड्यूटी में चली गए हैं जिले के आधे पुलिस कर्मचारी

GORAKHPUR: शहर में शनिवार की रात आठ बजे से लेकर सोमवार की सुबह सात बजे लगे लॉक डाउन में पब्लिक ने अवेयरनेस दिखाई। रविवार की सुबह से लेकर देर शाम तक सड़कों पर वहीं लोग बेहद जरूरी कामों से निकले। अधिकांश जगहों पर लगे बैरियर पर दिन में पुलिस मौजूद नहीं रही। फिर भी लोगों ने प्रशासन के आदेश का पालन किया। पब्लिक के सहयोग से पुलिस कर्मचारी भी राहत में नजर आए। कम पुलिस बल होने के बावजूद पुलिस को ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ी। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मोबाइल रहकर शहर के हालात देखे। टोकाटाकी करते हुए हर किसी को घर में सुरक्षित रहने की हिदायत दी।

बैरीकेडिंग में उलझ गए, घूम-घूमकर पहुंचे घर

शनिवार की शाम सात बजे ही पुलिस ने अपने सभी बैरियर लगा दिए गए थे। रात में आठ बजते ही सभी जगहों पर बैरीकेडिंग कर दी गई। रात में ड्यूटी करने वाले पुलिस कर्मचारियों को छोड़ने के लिए सुबह सात बजे नई शिफ्ट बुला ली गई। सुबह आठ बजे से ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। करीब दो घंटे तक चले अभियान के बाद ज्यादातर बैरियर और चेक पोस्ट खाली हो गए। इस दौरान जो भी घर से निकला। पुलिस ने उससे सवाल जवाब किया। मास्क न पहनने और गाइल लाइन का उल्लंघन करने पर चालान भी काटा। कहां-कहां पर बैरिकेडिंग की गई है। इसकी जानकारी न होने से तमाम लोगों को काफी देर तक इधर-उधर भटकरना पड़ा। जरूरी काम करने के बाद कई चक्कर लगाते हुए वह घर पहुंचे।

नहीं दिखानी पड़ी सख्ती

पूर्व में हुए लॉक डाउन की अपेक्षा इस बार पब्लिक खुद अवेयर नजर आई। शहर में हालत यह रही है कि दोपहर तक अधिकांश जगहों से पुलिस गायब हो गई। कुछ जगहों पर मिले पुलिस कर्मचारियों ने बताया कि ज्यादातर फोर्स को पंचायत चुनाव के लिए महराजगंज और गोंडा रवाना कर दिया गया है। अन्य लोगों ने रात में ड्यूटी की थी। इसलिए वह दिन में नहीं आ सके। लेकिन कम फोर्स होने का कोई फर्क नजर नहीं आया। पब्लिक ने भी 35 घंटे के लॉक डाउन का जमकर सपोर्ट किया। इसलिए मोहल्लों और गलियों में भी सख्ती बरतने की जरूरत नहीं पड़ी।

एडीजी और एसएसपी ने लिया शहर का जायजा

रविवार को दिनभर पुलिस और प्रशासन के अफसर मोबाइल बने रहे। एडीजी अखिल कुमार ने रेलवे स्टेशन सहित अन्य जगहों का इंस्पेक्शन करके लोगों से जानकारी ली। रेलवे कालोनी चौकी पर तैनात दरेागा और सिपाहियों से बात करके उन्होंने कोविड प्रोटोकॉल फॉलो करनी की हिदायत दी। एसएसपी दिनेश कुमार पी ने भी विभिन्न जगहों पर पहुंचकर कार्रवाई देखी। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने इस बात पर संतोष जताया कि पब्लिक खुद नियमों का पालन कर रही है। लोग बेवजह अपने घरों से नहीं मिल रहे हैं।

लॉक डाउन का पालन कराने का निर्देश दिया गया था। इस दौरान विभिन्न जगहों पर चेकिंग की गई। पुलिस कर्मचारियों को अपनी सुरक्षा के साथ ड्यूटी करने की हिदायत दी गई है। पब्लिक का भी सपोर्ट मिला। लोगों ने गाइड लाइन का पालन किया।

दिनेश कुमार पी, एसएसपी