गोरखपुर (ब्यूरो)। इस दौरान मंदिरों में मां के जयकारे लगे और घंटियां बजती रहीं। कैंट थाने के समीप दुर्गा जी के मंदिर में सीएम योगी पहुंचे और मां की आरती की। महागौरी आदिशक्ति हैं, इनके तेज से संपूर्ण विश्व प्रकाशमान होता है। इनकी भक्ति अमोघ फलदायिनी है। महागौरी की आराधना से भक्तों के सभी कष्ट दूर हो जाते हैं। शनिवार को शहर के सभी देवी मंदिरों पर भक्तों की भारी भीड़ रही। अष्टमी के दिन अधिकांश भक्त व्रत रहे, इसलिए अलसुबह से ही भक्त देवी के दर्शन-पूजन में लग गए। कई भक्तों ने अष्टमी के दिन ही कुंवारी कन्याओं को भोजन कराया। महिलाएं अपने सुहाग के लिए देवी मां को चुनरी भेंट की। देवी गौरी की पूजा जिले में पूरे विधि-विधान से किया गया। महाष्टमी के दिन जिले के सभी देवी मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही।

इसलिए भक्त करते हैं आराधना

मां महागौरी का ध्यान, स्मरण, पूजन-आराधना भक्तों के लिए सर्वविध कल्याणकारी है। इनकी कृपा से आलौकिक सिद्धियों की प्राप्ति होती है। महागौरी भक्तों का कष्ट अवश्य ही दूर करती हैं। इनकी उपासना से भक्तजनों के असंभव कार्य भी संभव होते हैं। इनके चरणों की शरण पाने के लिए भक्त हमेशा तत्पर रहते हैं।

मंदिरों के बाहर रहे सुरक्षा के इंतजाम

शहर के प्रतिष्ठित काली मंदिर, दाउदपुर काली आदि दुर्गा मंदिर पर अष्टमी के दिन भक्तों की भारी भीड़ रही। भक्तों की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मंदिरों के बाहर काफी भीड़ लगी रही।