- पांच घंटे में अरेस्ट किए गए आरोपित

- युवती से प्रेम संबंध में गई करन की जान

GORAKHPUR: बड़हलगंज एरिया में शनिवार की रात एक युवक की लाठियों, डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उसकी एक आंख भी फोड़ दी। घटना बड़हलगंज एरिया के औझली में हुई। रविवार की सुबह सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। युवक के बदन के आधे कपड़े भी गायब थे। पांच घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपियों को अरेस्ट करके घटना का पर्दाफाश कर दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपित की बेटी संग युवक के प्रेम संबंध थे।

देर रात घर से निकला था युवक

औझली निवासी करन बंगलूरू में रहकर काम करता था। लॉकडाउन के पहले चरण में वह घर आ गया था। शनिवार की रात करीब नौ बजे वह घर से निकल गया। रात में वह घर नहीं लौटा। रविवार की भोर में वह घायल दशा में घर पहुंचा। उसके आधे बदन के कपड़े गायब थे। चेहरे, पीठ और पैर में चोट के निशान थे। उसकी बाई आंख से खून बह रहा था। उसने परिजनों को बताया कि बैसुखिया देवार में कुछ लोगों ने उसे बुलाया था। वहां पहुंचने पर उस पर जानलेवा हमला कर दिया गया। घायल युवक को परिजन आनन-फानन में सीएचसी पर ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे डेड बताया। सूचना मिलने पर पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया।

युवती से चल रहा था प्रेम संबंध, परिजनों ने पीटा

घटना की जांच में सामने आया कि युवक का प्रेम संबंध एक युवती संग चल रहा था। युवती के घर वाले इस संबंध से नाराज थे। उन लोगों ने कई बार युवक को समझाया कि वह अपनी हरकतों को छोड़ दे लेकिन वह नहीं मान रहा था। शनिवार की रात उसे पाकर आरोपियों ने पीटकर मार डाला। इस मामले में पुलिस ने बैसुखिया निवासी रामनगीना, राम भवन यादव, पिंटू यादव और अवधेश यादव को अरेस्ट किया। अवधेश के पास से पुलिस को एक डंडा मिला। आरोपियों के खिलाफ मर्डर और अनुसूचित जाति के उत्पीड़न की धाराओं में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।

वर्जन

घटना की सूचना के पांच घंटे के भीतर आरोपितों को अरेस्ट कर लिया गया है। अवैध संबंधों के कारण युवक की हत्या की गई। मर्डर में यूज डंडा भी बरामद कर लिया गया है।

रामाज्ञा सिंह, एसएचओ, बड़हलगंज