गोरखपुर (ब्यूरो)। बुधवार की देर रात पांडेयपार उर्फ डड़वापार निवासी अमित यादव संदिग्ध परिस्थितियों में गोली से घायल हो गया। उसके कमर में बाईं तरफ गोली लगी लगी है। घटना की सूचना पुलिस को देकर परिजनों ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। पुलिस की पूछताछ में अमित ने बताया है कि वह रात में नौ बजे अपने दोस्त के घर से अकेले बाइक से लौट रहा था। कुंता देवी विद्यालय के पास पहुंचा। ब्रेकर पर उसकी बाइक धीमी हुई। तभी वहां पहले से मौजूद उसके चाचा हरिहर व राजनाथ के साथ तीन-चार अज्ञात लोगों ने उस पर हमला किया। वह बाइक लेकर गिर गया। हरिहर ने तमंचा सटाकर गोली मारना चाहा, लेकिन उसने तमंचा पकड़ लिया, जिसे गोली उसके कमर में लगी। जान बचाने के लिए बगल में स्थित चाचा जीत नारायण के किराने की दुकान की ओर भागा। गोली आवाज सुनकर वह घर से बाहर निकले तो हमलावर भाग गए।

चचेरी बहन पर हमले का है आरोप

घायल अमित पर चचेरी बहन रिंकू पुत्री राजनाथ को गोली मारने का आरोप है। उसके पिता राम अयोध्या पांच भाई हैं। वह अपने पिता की संतानों में सबसे छोटा है। जमीन के विवाद को लेकर वर्ष 2021 में विवाद होने पर रिंकू को गोली लगी थी। इस मामले में करीब दो साल बाद अमित जमानत पर जेल से छूटा है। बीते मंगलवार को इस केस में गवाही थी। इसमें रिंकू की अंतिम गवाही हुई है। जबकि हरिहर की पत्नी मुख्य गवाह है। मकान बनवाने के लिए हरिहर ने सामान मंगाया था। विवाद के बाद मकान का काम अधूरा रह गया। उन्होंने अपनी बेटी शादी भी तय कर दी है। पुलिस की जांच में सामने आया कि गांव में किसी ने ताबड़तोड़ गोली चलने की आवाज नहीं सुनी। आसपास के गांवों में आई बारात में पटाखा छूटने से लोग गोली का अंदाजा नहीं लगा सके।

घर में सोते हुए मिले आरोपित

घटना की सूचना पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी। इस दौरान सभी अपने घर में आराम से सोते मिले। पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर पुलिस थाने ले गई।

घटना की छानबीन की जा रही है। तहरीर आने पर केस दर्ज किया जाएगा। जांच में घटना संदेहास्पद लग रही है।

छत्रपाल सिंह, एसएचओ, गोला