कानपुर (ब्यूरो) कानपुर के निराला नगर मैदान में आयोजित सम्मेलन में भारत माता की जय के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बोलना शुरू किया। मौजूद बूथ अध्यक्षों से उन्होंने कहा कि आप सब लोग अपने आप को बहुत भाग्यशाली समझें, क्योंकि जिस कुल या परिवार में हम पैदा होते हैं इसलिए कई बार उसकी अच्छाइयों को भूल जाते हैं। हमें लगता है कि ये तो हमको ऐसे ही मिल गया है। ऐसा नहीं है, आप बहुत भाग्यशाली हैं कि आप भाजपा के कार्यकर्ता हैं, क्योंकि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जिसमें सामने बैठा कार्यकर्ता कल को मंच पर चाहे वो प्रदेश का नेतृत्व करे या पार्टी का नेतृत्व करे। ये कांग्रेस पार्टी में संभव नहीं है, उसमें आगे बढऩे के लिए एक ही परिवार में पैदा होना पड़ता है, बाकी तो सब झालमाल बजाने के लिए हैं। मैं जब उनसे पूछता हूं कि तुम्हारी आत्मा कचोटती नहीं है तो कहते हैं क्या करें नड्डा अब इसमें फंस गए हैं तो फंस गए हैं।


कानपुर क्रांति की धरती
देश दुनिया को संदेश देनी वाली बुन्देलखण्ड की धरती को नमन करते हुए जेपी नड्डा ने कानपुर को क्रांतिकारियों की धरती बताया। उन्होंने कहा कि आज कार्यकर्ताओं का उत्साह देख कर विश्वास है कि भाजपा की जीत तय है। ये सम्मेलन नही जनसभा लग रही है। जिस पार्टी का बूथ सम्मेलन रैली बन जाता है। वह पार्टी निश्चित जीतेगी।


देश मे 10 लाख 40 हजार बूथ
उन्होंने कहा कि जनशक्ति भाजपा की ताकत है। कोरोना में सब पार्टी के लोग आइसोलेटेड थे। तब हमारे कार्यकर्ताओं ने सेवा की। ऐसे कार्यकर्ताओं की पार्टी का अध्यक्ष होने पर गर्व होता है। कांग्रेस और सपा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि बाकी पार्टी परिवारवाद में फंसी है। इस पार्टी में सिर्फ कार्यकर्ता बढ़ता है। हम राष्ट्रवाद पर विश्वास करते है। हमको पटेल याद आते उनको जिन्ना याद आते है। जिन्ना ने देश को खंडित किया है। सभी राष्ट्रवादी ताकतें मिल कर ऐसे लोगों को जवाब देने का काम करें।