पान सिंह तोमर को बेस्ट फिल्म और इसी फिल्म के लिए इरफान खान को बेस्ट एक्टर अवार्ड दिए जाने की घोषणा की गई है। 'पान सिंह तोमर' की भूमिका निभाने वाले इरफान खान का जलवा बेस्ट एक्टर अवार्ड पर ही नहीं खत्म हुआ बल्कि उन्हें बेस्ट एक्टर इन फीचर फिल्म कैटेगरी का अवार्ड भी मिलने जा रहा है।

बेस्ट एक्टर का अवार्ड इरफान खान को पान सिंह तोमर और मराठी फिल्म अनुमति के लिए विक्रम गोखले को संयुक्त रुप से मिलेगा। बेस्ट एक्ट्रेस का अवार्ड मराठी फिल्म धाग में निभाई गई मराठी हाउसवाइफ की अपनी भूमिका के लिए उषा जाधव के खाते में गया है। वहीं इसी फिल्म के लिए बेस्ट डायरेक्टर का अवार्ड शिवाजी लोटन पाटिल को दिया जाएगा।

बीते साल की स्लीपर हिट कही जाने वाली स्पर्म डोनेशन पर बनी फिल्म विक्की डोनर को बेस्ट फिल्म अंडर पॉपुलर कैटेगरी में अवार्ड के लिए चुना गया है। बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का अवार्ड इसी फिल्म के लिए अन्नू कपूर को मिलेगा। बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का अवार्ड भी इसी फिल्म के लिए डॉली अहलूवालिया को मिलने जा रहा है। उन्हें यह अवार्ड मलयालम फिल्म एक्ट्रेस कल्पना के साथ संयुक्त रूप से दिया जाएगा।

कहानी के लिए सुजॉय घोष बेस्ट स्क्रीनप्ले अवार्ड दिए जाने की घोषणा की गई है। वहीं इंदिरा गांधी बेस्ट डेब्यू फिल्म का अवार्ड हिन्दी फिल्म चितागांग अपराइजिंग पर बनी बेदब्रत पायन की चितागांग को सिद्धार्थ शिवा की मलयालम फिल्म 101 चोडियांगल के साथ संयुक्त रूप से दिए जाने की घोषणा की गई है. 

चितागांग के गीत बोलो ना के लिए प्रसून जोशी को बेस्ट लिरिसिस्ट ओर शंकर महादेवन को बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर का अवार्ड दिया जाएगा। वहीं मराठी फिल्म संहिता के पलकें ना गाने के लिए आरती अंकलेकर को बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर का अवार्ड मिलेगा।

मशहूर कथक डांसर बिरजू महाराज को विश्वरूपम के लिए बेस्ट कोरियोग्राफी का नेशनल अवार्ड दिया जाएगा। मलयालम फिल्म स्पिरिट को बेस्ट फिल्म ऑन सोशल इश्यूज कैटेगरी में अवार्ड के लिए चुना गया है। रितुपर्णो घोष और नवाजुद्दीन सिद्दीकी को स्पेशल ज्यूरी अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। अवार्ड तीन मई को एक समारोह में दिए जाएंगे।

Bollywood News inextlive from Bollywood News Desk