- फरार पूर्व बीजेपी नेता समेत सभी आरोपियों पर 5-5 हजार रुपए का ईनाम, एक को किया गिरफ्तार

-फरार आरोपियों के फोटो सहित पोस्टर शहर में कई जगह चस्पा किए, पुलिस ने आम लोगों से मांगी मदद

>kanpur@inext.co.in

KANPUR: पुलिस पर हमला करके 25 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर मनोज सिंह को छुड़ाने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस हिस्ट्रीशीटर की मदद करने वाले भाजपा नेता और उसके साथियों को पकड़ने के लिए सात टीमों को लगाया गया है। सर्च ऑपरेशन और आरोपियों की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी एडिश्नल सीपी कानून व्यवस्था आकाश कुलहरि को सौंपी गई है।

9 नामजद, 10 अज्ञात

भाजपा दक्षिण जिला कमेटी के मंत्री नारायण सिंह भदौरिया के जन्मदिन पर आकर्षण गेस्ट हाउस में पार्टी आयोजित थी। पार्टी में शामिल होने आए 25 हजार के ईनामी हिस्ट्रीशीटर मनोज सिंह को दबोचने नौबस्ता पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने मनोज को पकड़कर जीप में बैठा लिया लेकिन नारायण सिंह और उसके साथियों ने हमला कर हिस्ट्रीशीटर को छुड़ा लिया। मामले में पुलिस ने भाजपा नेता समेत 9 नामजद और 10 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। कुछ वायरल वीडियो भी पुलिस के हाथ लगे हैं जिसमें नारायण सिंह पुलिस से बहस करते और हिस्ट्रीशीटर को छुड़ाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ने घटना में शामिल रणधीर सिंह तोमर की पहचानकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

किन पर दर्ज की गई एफआईआर

मनोज सिंह, आदित्य दीक्षित, धीरू शर्मा, गोपाल शरण सिंह चौहान, रोबिन सक्सेना, रॉकी, राज बल्लभ पाण्डेय, विकास तिवारी, बाबा ठाकुर, नारायण सिंह भदौरिया, 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसके अलावा पुलिस ने पोस्टर जारी किया है, जिसमें आरोपियों की फोटो भी है। इन फोटो को सार्वजनिक कर पुलिस ने आरोपियों की जानकारी भी आम लोगों से मांगी है।

हिस्ट्रीशीटर की जमानत होगी निरस्त

हिस्ट्रीशीटर मनोज सिंह जमानत पर बाहर था और एक दूसरे अपराधिक मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इस घटना के बाद आरोपी की जमानत निरस्त कराई जाएगी। जिससे आगे उसे जमानत मिलना मुश्किल होगा। थर्सडे को उस्मानपुर चौकी इंचार्ज ने दो गवाहों को भी ढूंढ निकाला, जिन्होंने पूरी घटना देखी है। दोनों को नौबस्ता थाने में बयान दर्ज कराने के लिए भेजा गया। वहीं पुलिस ने मनोज सिंह की स्कॉर्पियो कार बरामद कर ली है।

बॉक्स

वीडियो जारी कर दी सफाई

मामले में वांछित नारायण सिंह ने अपनी सफाई में एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर रिलीज किया है। वीडियो में वो कह रहा है कि '2 जून को मेरेा जन्मदिन के अवसर पर कुछ अधिवक्ता भाइयों ने आकर्षण गेस्ट हाउस में कार्यक्रम आयोजित किया था। मैं 12:30 बजे वहां पहुंचा। थोड़ी देर बाद ही कुछ लोगों ने बताया कि एक लड़के को चार लोग उठाकर ले जा रहे हैं। बाहर आकर देखा तो चार लोग जबरन एक लड़के को कार में डाल रहे थे। मैंने कहा क्या मामला है? तो उन्होंने कहा कि मैं पुलिस। तो मैंने कहा कि आईडी कार्ड दिखाइए। कोई आईडी नहीं दिखाया और पिस्टल निकालकर लड़के के लगा दी। तभी नौबस्ता थाने की जीप आ गई। कोई अधिकारी नहीं था। तो हमने कहा कि कोई वारंट है क्या? तो लड़का चिल्लाकर बोला कि एक बर्रा थाने का हिस्ट्रीशीटर है संदीप ठाकुर। उससे विवाद है यह उसी के लोग हैं।

-------------

मैं हिस्ट्रीशीटर नहीं हूं

मैं कल फतेहपुर में था। मेरे लिए ये हिस्ट्रीशीटर शब्द का उपयोग कर रहे हैं, जो मैं नहीं हूं। वीडियो में किसने क्या किया ये हर किसी ने देखा है? मेरे अगल-बगल अपराधी नहीं दिख रहे हैं, लेकिन उनकी पार्टी में शहर के छटे अपराधी शामिल थे। इस घटना से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है। इनसे मेरा राजनैतिक विद्वेष है। इसलिए घटना को मोड़ने और प्रशासन को बरगलाने का प्रयास कर रहे हैं।

संदीप ठाकुर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भाजपा युवा मोर्चा कानपुर-बुंदेलखंड

वीडियो के अनुसार कई लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। जो आरोपी चिन्हित हैं उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही सभी आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।

असीम अरुण, पुलिस कमिश्नर