कानपुर (ब्यूरो)। रेलबाजार थानाक्षेत्र में युवक ने पत्नी से झगड़ा करने के बाद खुद को कमरे में बंद कर लिया। इसके बाद ब्लेड से अपना गला और हाथ की कलाई काट ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोडक़र नाजुक हालत में उसे हैलट में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। ठीक दो दिन पहले भी युवक का पत्नी से विवाद हुआ था। जिसके बाद वह जान देने के लिए रस्सी लेकर पेड़ पर चढ़ गया था। लेकिन पुलिस और दमकल कर्मचारियों ने उसे बचा लिया था। परिजनों ने पत्नी और साले पर हत्या का आरोप लगाया है।

10 साल पहले हुई थी शादी

उन्नाव के गंजमुरादाबाद निवासी 40 साल के मोहम्मद मुस्तकीम की शादी 10 साल पहले रेलबाजार निवासी नाजिया से हुई थी। जिससे उसके तीन बच्चे अजान, अयात और छोटा बेटा है। थाना प्रभारी विजयदर्शन शर्मा ने बताया कि मुस्तकीम नशे का लती था। पत्नी से कोर्ट में दहेज प्रताडऩा और तलाक का मुकदमा भी लगाया हुआ है। मंगलवार को वह ससुराल आया था। जहां पत्नी से विवाद के बाद नशे की हालत में पकडिय़ा के पेड़ में चढ़ गया था। फंदे के सहारे आत्महत्या का प्रयास किया था लेकिन पुलिस ने बचा लिया था।

गुरुवार शाम फिर हुआ झगड़ा

गुरुवार देर शाम मुस्तकीम ने फिर पत्नी से झगडक़र खुद को कमरे में बंद कर लिया। काफी देर तक उसे लोग समझाते रहे लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब तक पहुंचती, युवक ने ब्लेड ने गला और बाएं हाथ की कलाई काट ली। जिससे पूरे कमरे में खून फैल गया। पुलिस ने दरवाजा तोडक़र उसे हैलट में भर्ती कराया। जहां गुरुवार देर रात उसने दम तोड़ दिया।

कूलर का काम करता था मृतक

पिता इब्ने ने बताया कि बेटा कूलर का काम करता था। लेकिन सीजन न होने की वजह से इन दिनों वह खाली था। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ साल के बाद बहनोई की दखलअंदाजी की वजह से दंपति में मनमुटाव शुरू हो गया था। उसका साला भी बेटे को नापसंद करता था। आरोप लगाया कि बेटे मुस्तकीम को पत्नी ने साले के साथ मिलकर धारदार हथियार से गला काट कर हत्या कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि अत्यधिक खून बहने से मौत की पुष्टि हुई है।