कानपुर (ब्यूरो) सनसनी फैलाने वाली ये वारदात साढ़ थाना क्षेत्र के जहानाबाद-रमईपुर संपर्क मार्ग पर स्थित असेनिया गांव की है। लोगों ने शुक्रवार सुबह 10 बजे के करीब महिला का शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस को मौके से कोई सामान बरामद नहीं हुआ है। पुलिस महिला की शिनाख्त कराने की कोशिश कर रही है लेकिन समाचार लिखे जाने तक पुलिस को इसमें कामयाबी नहीं मिली थी। पुलिस महिला के शव को 24 घंटे पुराना बता रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही सच्चाई सामने आएगी।

कलाई पर चोट के निशान
बोरी में मिली महिला की उम्र 35 साल के करीब बताई गई। उसके चेहरे पर चोट के कई निशान हैं। शरीर पर खरोच के निशान वहशियाना हरकत किए जाने की ओर इशारा कर रहे हैैं। महिला ने हरे रंग का पेटीकोट और लाल रंग का ब्लाउज पहन रखा है। उसके शरीर पर एक पिंक कलर का दुप्पटा भी पड़ा हुआ है। महिला के दांतों पर भी खून लगा हुआ है। महिला के पैर बोरी के अंदर मिले हैैं। उसका बाकी पूरा शरीर बाहर है। महिला हाथों में चूड़ी और एक अंगुली में चांदी की अंगूठी पहने हुई है। उसकी कलाई पर भी चोट के निशान हैं। पुलिस महिला के साथ रेप होने की आशंका भी जाहिर कर रही है।

रात में कार से फेंका शव
जहां महिला का शव मिला है, वहां से 20 मीटर की दूरी पर कुछ दुकानें हैं। उनमें से एक दुकान के मालिक ने बताया कि वो रात में 10 बजे के करीब दुकान बंद कर रहा था। तभी एक कार जहानाबाद की ओर से आई थी। उन लोगों ने कार रोककर सडक़ पर कुछ फेंका था लेकिन तब उसको लगा था कि वो लोग कूड़ा फेंककर जा रहे हैं। सुबह जब दुकान खोलने आए तो पता चला कि यहां शव मिला है।

तलाशे जा रहे सुराग
मामले में साढ़ थानाध्यक्ष सच्चिदानंद ने बताया, शव की जांच की जा रही है। शव पर चोट के निशान मिले हैं। आसपास ग्राम प्रधान को फोटो भेजकर महिला की शिनाख्त करने का प्रयास जारी है। फॉरेंसिक टीम मौके पर मौजूद है। आस पास लगे सीसीटीवी भी देख जाएंगे। कहीं कोई सुराग मिलते ही जांच आगे बढ़ाई जाएगी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम के मुताबिक शव 24 घंटे पुराना है। लिहाजा हत्या गुरुवार सुबह की गई है। पुलिस ने जहानाबाद और उसके आस पास के कस्बे से गुमशुदगी तलाश कर रही है।


साढ़ में महिला का शव मिला है। प्राथमिक जांच में हत्या की बात सामने आई है। पुलिस महिला की शिनाख्त के प्रयास कर रही है।
दिनेश कुमार शुक्ल, एसीपी घाटमपुर