- 15 फर्जी आईडी पर सिम लेने का मामला भी आया सामने, रिचा दुबे और जय बाजपेयी की बढ़ेंगी मुश्किलें, दर्ज होंगी चार एफआईआर

>

KANPUR : बिकरू कांड में फर्जी दस्तावेज पर लिए गए सिम और शस्त्र लाइसेंस के मामले में चार एफआईआर दर्ज की जाएंगी। इसमें चौबेपुर, नजीराबाद और बजरिया थाना शामिल हैं। एफआईआर दर्ज करने के लिए पुलिस ने टेलीकॉम कंपनियों से दस्तावेज मांगे हैं। वहीं प्रशासन ने से शस्त्र लाइसेंसों की फाइलें भी मांगी हैं। दस्तावेज मिलने के बाद एफआईआर दर्ज होंगी।

रिचा ने लिए थे 15 सिम

दरअसल एसआईटी की जांच में खुलासा हुआ कि विकास दुबे की पत्‍‌नी रिचा दुबे समेत 15 लोगों ने फर्जी आईडी पर सिम ले रखे हैं। सत्यापन में पता चला कि नाम पते के साथ पहचान पत्र और आधार कार्ड भी फर्जी हैं। जिसके बाद प्रशासन को पत्र लिखकर केस दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। वहीं करीब डेढ़ दर्जन फर्जी शस्त्र लाइसेंसों का भी मामला सामने आया। इसमें विकास दुबे के भाई दीपक दुबे, उनकी पत्‍‌नी अंजलि दुबे, जय बाजपेई जैसे लोगों के लाइसेंस शामिल हैं। इन पर भी केस दर्ज करने की संतुति की है।

दर्ज होंगे चार केस

डीआईजी डॉ। प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि सभी लोगों के सिम की आईडी टेलीकॉम कंपनियों से मांगी गई हैं। शस्त्र लाइसेंस की फाइलें कलेक्ट्रेट से मांगी गई हैं। दस्तावेज मिलने के बाद सभी का सत्यापन कराया जाएगा। उसके बाद केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। फर्जी सिम वाले मामले में चौबेपुर थाने में केस दर्ज किया जाएगा। इसके अलावा फर्जी शस्त्र लाइसेंस मामले में एक केस चौबेपुर में दर्ज होगा। वहीं अन्य दो केस जय बाजपेई के खिलाफ नजीराबाद व बजरिया थाने में दर्ज कराए जाएंगे। जय के लाइसेंस इन्हीं थाना क्षेत्रों से बने हुए थे।