कानपुर(ब्यूरो)। रक्षाबंधन पर हर साल की तरह इस बार भी सभी महिलाओं को रोडवेज बसों में फ्री यात्रा की सुविधा मिलेगी। पैसेंजर्स लोड को देखते हुए विभिन्न रूटों पर रोडवेज की अतिरिक्त बसें चलेंगी। लखनऊ, दिल्ली और रायबरेली रूट पर ज्यादा बसें बढ़ाई जा रही हैं। क्योंकि इन रूटों पर अधिक पैसेंजर लोड होता है। खास बात ये है कि सामान्य के साथ एसी ई बसों में भी महिलाएं रक्षाबंधन पर मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।

कानपुर रेंज में 597 बसें
रोडवेज की कानपुर रेंज में फजलगंज, विकास नगर, आजाद नगर, किदवई नगर, उन्नाव, फतेहपुर, माती, कानपुर देहात डिपो आते हैं। रक्षाबंधन पर अतिरिक्त बसें चलवाने के बंदोबस्त किए गए हैं। कानपुर रेंज में 597 बसों का बेड़ा है। इन बसों को यात्रियों की संख्या बढऩे वाले रूटों के मद्देनजर लगाया गया है। आरएम लव कुमार ने बताया कि आम दिनों में दिल्ली रूट पर 72 बसें चलती हैं रक्षाबंधन पर 104 बसें चलाई जाएंगी। इसी तरह आम दिनों में रायबरेली रूट पर 13, आगरा रूट पर 28 और लखनऊ के लिए 35, बिधूना के लिए 17 और वाराणसी रूट पर 40 बसें चलती है। इन सभी रूटों पर बसों की संख्या बढ़ाई गई है।

ई बसों में भी सुविधा
रक्षाबंधन पर ई बसों में बहनों को मुफ्त यात्रा की सुविधा रहेगी। केसीटीसीएल के आरएम डीवी सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन पर पिछले साल की तरह इस साल भी 30 अगस्त को रात 12 बजे से 31 अगस्त रात 12 बजे तक बहनों को फ्री यात्रा की सुविधा मिलेगी। महिलाओं के लिए शून्य वैल्यू की टिकट जनरेट करने की व्यवस्था की जा रही है। बस में सवार महिलाओं को शून्य वैल्यू की टिकट दी जाएगी।