कानपुर (ब्यूरो)। सिटी में बढ़ रहे स्ट्रे एनिमल्स अब आर्मी के लिए भी मुसीबत बन रहे है। कैंट एरिया में आवारा सांड़, स्ट्रीट डॉग्स इतनी बड़ी संख्या में बढ़ गए हैं कि आर्मी को नगर निगम से मदद मांगनी पड़ गई। कैंट बोर्ड के सीईओ अनुज गोयल ने नगर निगम को पत्र लिखकर स्ट्रे एनिमल्स को पकडऩे के लिए मदद मांगी है।

सीईओ ने लिखा लेटर
सीईओ अनुज गोयल के मुताबिक, छावनी एरिया में रहने वाले सिविलियन और आर्मी मैन को घरों व ऑफिस में आने जाने के दौरान स्ट्रे एनिमल्स के कारण प्रॉब्लम फेस करनी पड़ रही है। ट्रैफिक भी प्रभावित हो रहा है। फेथफुलगंज, मीरपुर और रेलबाजार में स्ट्रे एनिमल्स की संख्या 10 हजार से ज्यादा बढ़ गई है। स्ट्रीट डॉग्स का भी आतंक है। आए दिन लोगों को काटने भी लगे हैं। आर्मी के जवानों को भी काट चुके हैं।

कीमत चुकाने के लिए भी तैयार
सीईओ ने नगर निगम को पत्र लिखकर मदद मांगी है। साथ ही ये भी कहा है कि ये इन आवारा जानवरों को पकडऩे में जो भी खर्च आएगा वो चुकाने को तैयार हैं। कैंट एरिया के अलावा सिटी की रोड्स पर ढाई लाख से अधिक स्ट्रीट डॉग लोगों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। डॉग मुंह और गर्दन के आसपास ज्यादा काटने लगे हैं।

इसका सबसे ज्यादा रिकार्ड दर्ज किया गया है। अब एंटी रैबीज वैक्सीन की एक डोज भी नाकाफी हो गई है। पीडि़त चार डोज लगवाने पर ही संक्रमण से बच पा रहा है।