- खुद को विकास दुबे का बताता है करीबी, उसी ने बनवाया था असलहे का लाइसेंस

>kanpur@inext.co.in

KANPUR : विकास दुबे के एनकाउंटर के बाद भी उसके गिरोह के लोग और रिश्तेदार दबंगई दिखाने से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला नौबस्ता इलाके में सामने आया है। असलहे के दम पर लोगों से दबंगई करने वाले दुर्दात दुबे के रिश्तेदार के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

चित्रकूट का रहने वाला है

चित्रकूट के रामपुर गांव की प्रधान निर्मलादेवी के पति लवलेश चंद्र तिवारी गांव में असलहे के दम पर रौब गांठता है। आए दिन लोगों को धमकाने के साथ मारपीट करता है। गांव के रामकेश यादव ने बताया कि लवलेश खुद को बिकरू के दहशतगर्द विकास दुबे का रिश्तेदार बताकर लोगों को प्रताडि़त करता है। आरोप है कि प्रधानपति के खिलाफ वर्ष 1997 में हत्या का प्रयास, गाली-गलौज, धमकी समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज है और कोर्ट में विचाराधीन है। प्रधान पति ने मुकदमें के बाद भी विकास के बल पर शस्त्र लाइसेंस बनवाया।

लवकुश विहार के पते पर लाइसेंस

लाइसेंस नौबस्ता के लवकुश विहार के पते पर है। जबकि आरोपी का नौबस्ता में कोई घर नहीं है। परिवार रजिस्टर भी रामपुर के पते से है। फर्जीवाड़े की जानकारी पर उन्होंने जिलाधिकारी चित्रकूट और एसपी चित्रकूट, जिलाधिकारी कानपुर नगर और डीआइजी से की थी। जांच के बाद नौबस्ता पुलिस ने लवकेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

शस्त्र निरस्तीकरण की भेजी रिपोर्ट

थाना प्रभारी नौबस्ता सतीश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी ने अपने रिश्तेदार के पते पर शस्त्र लाइसेंस बनवाया था। फर्जीवाड़े की जानकारी पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेजी गई है।