-कानपुर के 6 सेंटर्स में सबसे पहले हैलट में संगीता को दी गई वैक्सीन

-खुशी-खुशी लगवाई वैक्सीन, वैक्सीन लगवाने के बाद ली सेल्फी

KANPUR: सैटरडे मॉर्निग कोरोना वैक्सीनेशन के शुभारंभ के बाद जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के हैलट हॉस्पिटल के वैक्सीनेशन सेंटर में सबसे पहले रसोइया संगीता देवी को टीका लगाया गया। वह पहले टीका लगवाने से डर रही थीं और मन में तरह तरह की उथल पुथल चल रही थी। लेकिन बाद में पिता ने हिम्मत जगाई तो वह सबसे पहले पहुंच गईं। संगीता बताती हैं कि कुछ दिन पहले तक मन में डर था। स्टाफ और मोहल्ले के लोग वैक्सीन को लेकर कई तरह की बातें कर रहें थे। मन में उलझन सी हुई तो अंबेडकर नगर निवासी पिता घिरऊ राम को फोन किया। उनको सारी बात बताई, जिस पर उन्होंने हिम्मत बढ़ा दी। सुबह 9.30 बजे वह सेंटर पहुंच गईं थीं। यहां प्रिंसिपल प्रो। आरबी कमल, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ। ज्योति सक्सेना और अन्य डॉक्टर मौजूद थे। टीका लगवाने के लिए कुल 5 लोग आए थे। महिलाओं में केवल वह अकेली थीं। अधिकारियों ने उनका उत्साहवर्धन किया। सुबह 10.10 पर उन्हें वैक्सीन लगा दी गई।

लोगों का भी बढ़ाया हौसला

संगीता ने बताया कि पहले डॉक्टर व अन्य स्टाफ से उनसे किसी भी तरह की बीमारी, एलर्जी और अन्य तरह की जानकारी ली। वैक्सीनेशन के बाद आधे घंटे तक रेस्ट रूम में रोका गया। वहां पर भी मेडिकल स्टाफ आकर जानकारी लेता रहा। अब टीका लग गया है। मन में सभी तरह के डर दूर हो गए हैं। पति वीरेंद्र कुमार और बच्चों ने भी हौसला बढ़ाया था। 28 दिन बाद 14 फरवरी को दूसरी डोज दी जाएगी। टीका लगवाने के बाद मैंने दूसरों का भी हौसला बढ़ाया। वैक्सीन लगवाने के बाद मुझे कोई प्रॉब्लम नहीं हुई। मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं कि सेंटर पर सबसे पहला टीका मुझे लगा।