- व्यापारियों ने महापौर और नगर आयुक्त के साथ की मीटिंग, बची हुई दुकानों की रजिस्ट्री कराने की मांग

KANPUR : नगर निगम के बढ़ाए गए किराए को कम करने को लेकर मोतीझील पहुंचे नवीन मार्केट के व्यापारियों को आश्वासन मिला है। महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त अक्षय त्रिपाठी के साथ व्यापारियों की मीटिंग में कहा गया कि व्यापारी प्रस्ताव तैयार कर दें। इसका फैसला सदन में होगा क्योंकि कार्यकारिणी और सदन में यह प्रस्ताव पास हो चुका है। वहीं नवीन मार्केट में 17 साल से 250 दुकानों की पेंडिंग पड़ी रजिस्ट्री कराने की भी व्यापारियों ने मांग रखी।

रुकी रजिस्ट्री कराई जाएंगी

नवीन मार्केट शॉप कीपर एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्विनी कोहली, सरताज अहमद, विनय अरोड़ा की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त अक्षय त्रिपाठी से मिला। उन्होंने बताया कि मार्केट में 184 दुकानों की रजिस्ट्री हो गई हैं बाकी 250 की रजिस्ट्री होना है। ईयर-2003 से पैसा जमा होने के बाद भी रजिस्ट्री नहीं हुई है। नगर आयुक्त ने कहा कि रुकी रजिस्ट्री कराई जाएंगी।

नगर निगम ने नोटिस दी थी

नगर निगम की तरफ से दुकानों का किराया बढ़ाया गया है। इसी क्रम में नवीन मार्केट के दुकानदारों का भी किराया बढ़ाया गया। हालांकि, इन दुकानों का किराया ईयर-2013 में बढ़ाया गया था, लेकिन दुकानदार हाईकोर्ट चले गए थे। नगर आयुक्त अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि हाईकोर्ट का फैसला नगर निगम के पक्ष में आया और कोर्ट ने बढ़े किराए को उचित माना। इसके बाद नगर निगम ने बढ़े किराए को जमा करने की नोटिस दी थी।