कानपुर (ब्यूरो) काकादेव के मोती विहार निवासी संचित सहजानी की दादा नगर में एसआर फ्लेक्सी पैक के नाम से रैपर प्रिंटिंग फैक्ट्री है। वेडनसडे सुबह फैक्ट्री में करीब 20 कर्मचारी काम कर रहे थे। इस बीच इलेक्ट्रिक लाइन में शार्ट सर्किट से एक मशीन में आग लग गई। आग लगते ही काम कर रहे कर्मचारियों ने पहले तो आग बुझाने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली तो शोर मचाते हुए बाहर की ओर भागे। इस बीच आग की लपटों ने पूरी फैक्ट्री को आने आगोश में ले लिया।

घर, दुकानें छोड़कर भागे
कर्मियों ने फैक्ट्री मालिक व पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इस दौरान पड़ोस की फैक्ट्री के कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्र की मदद से आग बुझाने की कोशिश भी की। लेकिन, आग की लपटें तेजी से बढ़ती गईं और तभी फैक्ट्री के अंदर दो धमाके होने से दहशत फैल गई। कर्मचारियों ने फैक्ट्री के अंदर रखे केमिकल के ड्रम फटने की बात कही। फजलगंज फायर स्टेशन से तीन और किदवई नगर से दो दमकल पहुंचीं। जवानों ने लोगों की मदद से फैक्ट्री के बाहरी हिस्से में रखे ड्रम हटवाए और आग बुझाने का काम शुरू किया। चार घंटे बाद आग ठंडी हो सकी। अग्निशमन अधिकारी उदयभान सिंह ने बताया कि शार्ट सर्किट से आग लगने की जानकारी मिली है। जांच जारी है। नुकसान का आंकलन अभी नहीं किया गया है।