कानपुर (ब्यूरो)। कानपुराइट्स को बेहतर कनेक्टिविटी संग पॉल्यूशन फ्री एन्वायरमेंट देने की कवायद की जा रही है। इसके लिए खासकर मेट्रो स्टेशन की उपयोगिता बढ़ाने पर जोर है। सिटी में तेजी से इलेक्ट्रिक व्हीकल की संख्या बढ़ रही है जिसमें कामर्शियल व प्राइवेट दोनों तरफ के व्हीकल है। इन व्हीकल के चार्जिंग प्वाइंट की भी संख्या बढ़ाने के लिए शासन ने फैसला लिया है। अभी तक सिटी में मात्र दो प्वाइंट पर ई-चार्जिंग स्टेशन है। मंडलायुक्त ने मेट्रो कनेक्टिविटी व पॉल्यूशन पर कंट्रोल करने के लिए दस डिपार्टमेंट की एक कमेटी बनाई है। जिसके तहत मेट्रो स्टेशन के बाहर पार्किंग के साथ ई-चार्जिंग स्टेशन भी बनाया जाएगा। ताकि पैसेंजर्स व कामर्शियल व्हीकल मेट्रो स्टेशन पर बनें ई-चार्जिंग स्टेशन का यूज कर व्हीकल को चार्ज कर सकेंगे।

मेट्रो स्टेशन में पार्किंग व ई चार्जिंग स्टेशन

मंडलायुक्त अमित गुप्ता ने निर्देश दिया है कि मेट्रो पैसेंजर्स की सुविधा के लिए मेट्रो स्टेशन के नीचे पार्किंग के साथ ई चार्जिंग स्टेशन भी बनाया जाएगा। ताकि मेट्रो से उतरने के बाद पैसेंजर्स अपने ई-व्हीकल या फिर कामर्शियल व्हीकल से अपनी डेस्टिनी तक पहुंच सके। सिटी में करीब 34 किलोमीटर मेट्रो दौड़ेगी। अभी आईआईओटी से मोतीझील तक नौ किलोमीटर मेट्रो चल रही है बाकी जगह काम हो रहा है। वर्ष 2024 तक सभी रूट पर मेट्रो चालू होने की संभावना है। यहीं नहीं शासन ने कानपुर सिटी में नगर निगम के सभी जोन में 20 ई-चार्जिंग स्टेशन की जगह को भी चिन्हित किया है। इन जगहों पर जल्द ही ई-चार्जिंग स्टेशन बनेंगे जिससे लाखों ई-व्हीकल ऑनर को इसका सीधा फायदा मिलेगा।

180 वर्गफीट जगह चाहिए
मानक के अनुसार ई-चार्जिंग स्टेशन के लिए न्यूनतम 180 वर्गफीट की जगह चाहिए। सिटी में हर नौ किलोमीटर पर यह चार्जिंग स्टेशन प्रस्तावित है। जबकि 34 किमी मेट्रो रूट पर पहले फेज में 21 स्टेशन और दूसरे फेज में 8 मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित है। इसके अनुसार करीब 20 से 25 मेट्रो स्टेशन में पार्किंग के साथ ई-चार्जिंग स्टेशन बनाया जाएगा।


सिटी में अभी दो ई-चार्जिंग स्टेशन
स्मार्ट सिटी ने अभी मोतीझील और निराला नगर पराग डेरी के पास ई व्हीकल चार्जिंग स्टेशन बनाया है। मोतीझील कारगिल पार्क के बाहर बना शहर का पहला इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन है। यहां 18 रुपए प्रति यूनिट की दर से व्हीकल चार्ज किए जाने थे।

प्राइवेट कंपनी को सौंपे गए

चार्जिंग स्टेशन प्राइवेट कंपनी को सौंपे गए हैं। यहां तीन तरह के चार्जर लगाए जा रहे हैं। एक चार्जर 60 वॉट का है। इसमें एक बार में दो कारें चार्ज हो जाएंगी। दूसरा चार्जर 22 किलोवॉट का है। इसमें एक बार में एक कार ही चार्ज हो पाएगी जिसमें 50 मिनट लगेंगे। चार्जिंग स्टेशन पर इलेक्ट्रिक स्कूटी और ई रिक्शा भी चार्ज कर सकेंगे। इनके लिए 10 किलोवॉट का चार्जर लगाया गया है। इसके साथ ही यहां तीन स्कूटी या ई रिक्शा चार्ज हो जाएंगे। इन्हें फुल चार्ज होने में करीब तीन घंटा तक लगेगा।