- विकास दुबे की 123 और जय बाजपेई की 110 प्रॉपर्टीज की जानकारी ईडी के सामने आई

- शिकायतकर्ता ने सौंपे अहम दस्तावेज, ईडी ने बयान दर्ज कर वेरीफिकेशन शुरू किया

kanpur : बिकरू कांड में इंफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ईडी) ने विकास दुबे और उसके खजांची जय बाजपेई की संपत्तियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ईडी ने शिकायतकर्ता एडवोकेट सौरभ भदौरिया के बयान दर्ज किये हैं। एडवोकेट ने जय की 110 और विकास दुबे की 123 संपत्तियों के बारे में जानकारी देने के साथ-साथ कुछ अहम दस्तावेज सौंपे। ईडी ने दस्तावेजों को जांच में शामिल कर लिया है। अगले सप्ताह दोबारा एडवोकेट को बयान के लिए बुलाया गया है।

50 से अधिक लोग आरोपी

बिकरू कांड में ईडी ने मुकदमा दर्ज कर 50 से अधिक लोगों को आरोपी बनाया है। इसमें जय और विकास दुबे के परिजनों, रिश्तेदारों और करीबियों के नाम शामिल हैं। कुछ समय पहले ईडी की जांच में इन दहशतगदरें की डेढ़ सौ करोड़ से अधिक की संपत्ति सामने आई है। इन संपत्तियों बारे में जानकारी जुटाने के साथ-साथ ईडी और संपत्तियां तलाश रही हैं। इसी सिलसिले में ईडी ने बयान के लिए एडवोकेट को बुलाया था।

250 संपत्तियों की दी जानकारी

एडवोकेट ने ईडी दफ्तर पहुंच कर बयान दर्ज कराए। सूत्रों के मुताबिक जय और विकास की करीब 250 संपत्तियों के बारे में एडवोकेट ने जानकारी दी। बयान में बताया कि पुलिस की साठगांठ और अपराध के जरिए ये संपत्तियां बनाई गई हैं। ईडी ने बयान दर्ज करने के साथ ही संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज एडवोकेट से लिए। अब उनका वेरीफिकेशन कराकर जांच आगे बढ़ाएगी।

कई बेनामी संपत्तियों का खुलासा बाकी

बिकरू कांड के बाद कई तथ्य सामने आए थे। जिसमें कहा जा रहा था कि विकास और जय ने बेनामी संपत्तियों के साथ-साथ कई अस्पतालों व होटलों में भी रकम खपाई है। आशंका है कि अभी कई सौ करोड़ की बेनामी संपत्ति का खुलासा होना बाकी है।