- समाधान दिवस पर सचेंडी पहुंचे थे आईजी मोहित अग्रवाल, थाना पुलिस का खेल देख दिए निर्देश

>kanpur@inext.co.in

KANPUR : समाधान दिवस पर सैटरडे को आईजी रेंज मोहित अग्रवाल सचेंडी थाने पहुंचे। उनके वहां पर निरीक्षण करने के दौरान ही थाना पुलिस की पोल खुल गई। जमीन विवाद के मामलों में पुलिस ने मन मुताबिक जांच कर रिपोर्ट लगा दी थी। जांच रिपोर्ट देखकर आईजी का पारा हाई हो गया। उन्होंने चार दरोगाओं के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। थानेदार को फटकार लगाते हुए समाधान दिवस का प्रचार प्रसार ठीक से कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं एडीजी जोन भानु भाष्कर ने चौबेपुर और शिवराजपुर थाने का निरीक्षण किया।

जमीन विवाद की फाइलें मंगाई

आईजी जब थाने पहुंचे तो उन्होंने जमीन से जुड़े विवादों की फाइलें मंगवाईं। चेक करने पर पता चला कि थाना पुलिस ने खेल करते हुए मन मुताबिक रिपोर्ट लगा रखी थी। कई मामले ऐसे भी मिले जो पुलिस निपटाना नहीं चाहती थी। उनकी जांच रिपोर्ट में लिखा गया कि राजस्व विभाग से सम्पर्क किया जाए। इस पर अधिकारी ने फटकार लगाते हुए कहा कि समाधान दिवस इन्हीं विवादों के लिए होता है। जहां राजस्व विभाग की टीम भी मौजूद रहती है। इसके बाद आईजी ने देखा कि थाने में प्रार्थना पत्र की संख्या बहुत कम थी। जानकारी करने पर पता चला कि समाधान दिवस का प्रचार प्रसार ही सही से नहीं किया गया।

निस्तारण 24 घंटे में हो

समाधान दिवस पर चौबेपुर और शिवराजपुर थाने में एडीजी जोन भानू भाष्कर ने निरीक्षण किया। समाधान दिवस में महज 6 शिकायती पत्र आए। जिसमे दो मामलों में तत्काल राजस्व व पुलिस की टीम भेजी गई। एडीजी जोन ने कहा कि थाने में आने वाले हर शिकायती पत्र पर तत्काल कार्रवाई का नियम बनाएं। गांव में तनाव पैदा ना होने दें। लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी। बिकरू चौकी के निर्माण की जानकारी ली।