कानपुर (ब्यूरो)। अहिरवां में बाइक सवार युवक ने तीन साल की बच्ची को टक्कर मार बुरी तरह से घायल कर दिया। फैमिली मेंबर्स ने विरोध किया तो आरोपी ने उन्हें पीटा। मामले के आठ महीने के बाद कोर्ट के आदेश पर चकेरी थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। संजीव नगर निवासी शिव विजय सिंह के अनुसार, सात अक्टूबर 2023 की शाम को उनकी तीन साल की बेटी घर के बाहर खेल रही थी। तभी सीताराम नगर निवासी चंद्रजीत यादव उर्फ राहुल तेजी से बाइक चलाते हुए आया और उनकी बेटी को टक्कर मार दी। जिससे बेटी बुरी तरह से घायल हो गई। उन्होंने विरोध किया तो आरोपी अपने पिता को दरोगा बताते हुए अभद्रता कर गाली गलौज करने लगा। उन्होंने डॉयल 112 को सूचना दी।

पुलिस से भी की थी अभद्रता
मौके पर पहुंची पुलिस से भी आरोपी समेत उसकी मां और बहन अभद्रता करने लगे। फिर उन्होंने चौकी और थाने में शिकायत की। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। 12 अक्टूबर 2023 को थाने में शिकायत करने की जानकारी जब राहुल को हुई तो वह अपनी मां और बहन समेत आधा दर्जन साथियों के साथ उनके घर में घुस आया। फिर आरोपियों ने पीडि़त समेत उनकी पत्नी से मारपीट की और उन्हें धमकाया।

आरोप है कि आरोपी उनकी पत्नी के गले से चेन भी लूटकर ले गये। पीडि़त ने बताया कि पुलिस के कार्रवाई न करने पर उन्होंने कोर्ट की शरण ली। थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।