कानपुर (ब्यूरो)। अपनी जान है प्यारी तो चेन तो छोड़ो यारीयह पढऩे में भले ही आपको फिल्मी लगे, लेकिन हकीकत कुछ ऐसी ही है। दरअसल, शहर में पिछले कुछ दिनों से ताबड़तोड़ चेन लूट की वारदातें हो हो रही हैं। बाइकर्स गैंग न सिर्फ लोगों की चेन लूट रहे हैं, बल्कि उनको लहूलुहान भी कर रहे हैं। एक जनवरी से आठ जून तक 27 चेन लूट की वारदात हो चुकी हैं, लेकिन अभी तक एक का भी खुलासा नहीं हुआ है। ऐसे में लुटेरों का हौसला बढ़ा हुआ है। दैनिक जागरण आईनेक्स्ट की आपसे अपील है, अगर आप भी ज्वैलरी पहनकर घर से बाहर जा रहे हैं, तो बहुत ही अलर्ट रहें, नहीं तो आप भी लुटेरों का शिकार हो सकते हैं।

लूट की कुछ प्रमुख वारदातें

केस-1: एसीपी ऑफिस के चेन लूट
आवास विकास-3 पनकी ईडब्ल्यूएस कॉलोनी के सज्जन खान ने बताया कि सैटरडे रात साढ़े 12 बजे वह बाबूपुरवा स्थित ससुराल से घर लौट रहे थे। स्कूटी पर पत्नी सादिया, दो बेटियां जेबा और हादिया बैठी थीं। यूनिवर्सिटी के सामने बाइक सवार दो लुटेरे पीछे से आए और सादिया के गले में झपट्टा मारकर चेन और पर्स लूट लिया। विरोध करने पर सादिया को नीचे गिरा दिया। सादिया का चश्मा टूट गया और उसकी डंडी आंख में घुस गई। हैलट में उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

केस-2 : रिटायर्ड टीचर की लूटी चेन
रावतपुर थाना क्षेत्र के राणा प्रताप नगर निवासी सुषमा त्रिपाठी रिटायर्ड टीचर हैं। 27 अप्रैल को सुषमा ने मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। इस दौरान बाइक सवार नकाबपोश दो लुटेरे पीछे से आए और चेन लूटकर भाग निकले। छीना-झपटी में सुषमा जमीन पर गिरकर घायल हो गईं। चीख-पुकार सुन मोहल्ले के लोग दौड़े। बाइक सवार लुटेरे तमंचा लहराते हुए भाग निकले। मामले में डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों को वारदात के खुलासे के लिए कहा था। इसके बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।

केस-3: फौजी की पत्नी के गले से तोड़ी चेन
फतेहपुर निवासी राजकुमार पाल सेना में हवलदार है। उनकी पत्नी रीता बेटी वैष्णवी की पढ़ाई के चलते अहिरवां में अपने जीजा के रह रही हैं। 4 मई को वह बेटी के स्कूल में पेरेंट्स मीटिंग पर गई थीं। लौटते समय संजीव नगर क्रॉसिंग के पास वह ई रिक्शे से उतरकर पैदल घर जा रही थीं। तभी घर से कुछ दूर पर हेलमेट पहने युवक ने उन्हें रोका और उनके गले में झपट्टा मारकर चेन लूटकर फरार हो गया। लूट के दौरान आरोपियों ने फायरिंग भी की।

केस 4 : सीनियर सिटीजन को धक्का मारकर लूटी चेन
4 जून को अहिरवां के विराट नगर निवासी 62 साल के सुरेश चंद्र कुशवाहा मार्निंग वॉक पर गए थे। वह जीटी रोड के किनारे वॉक कर रहे थे। तभी पीछे से एक बाइक में सवार दो युवक उनके आगे निकले और रुक गये। फिर उनके करीब पहुंचते ही पीछे बैठा युवक उतरा और धक्का देकर उनकी सोने की चेन लूटकर रामादेवी चौराहे की तरफ भाग निकले। घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी कैद हुए। 5 दिन बाद भी आरोपियों का पता नहीं चला।

केस 5: भाजपा नेता की पत्नी के लुटेरे भी फरार
6 जून को कल्याणपुर कला स्थित आल मेघा मार्ट वाली गली निवासी भाजपा नेता की पत्नी चित्रा मिश्रा अपनी बहन रेखा के साथ घर से चंद कदम की दूरी पर वट-सावित्री की पूजा करने गई थीं। पूजा के बाद दोनों बहनें वापस लौट रही थीं। बाइक पर सवार दो युवक उनके पास से निकले। जब तक वे कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही स्नेचर उनकी चेन तोडक़र भाग गए।