कानपुर (ब्यूरो)। अगर आप डीजल व्हीकल खरीदने की सोच रहे हैं तो जल्दी खरीद डालिए क्योंकि आने वाले दिनों में डीजल गाड़ी खरीदना महंगा पड़ेगा। ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट ने डीजल वाहनों पर रजिस्ट्रेशन टैक्स एक परसेंट बढ़ाने की तैयारी कर ली है। इसका प्र्रस्ताव तैयार हो गया है। 10 जून के पहले-पहले परिवहन मुख्यालय टैक्स में बढ़ोत्तरी वाले इस प्रस्ताव को शासन को भेज देगा। शासन से ग्रीन सिग्नल मिलते ही इसे लागू कर दिया जाएगा।

नए वाहनों में तीन कैटेगरी में
बीते महीने 21 और 22 मई को लखनऊ स्थित मुख्यालय पर हुई बैठक में टैक्स बढ़ोत्तरी को लेकर गठित सात सदस्यीय कमेटी ने अपने-अपने प्रस्ताव दिए थे। इसमें नए वाहनों के टैक्स तीन कैटेगरी में लगाने का प्रस्ताव पास कर पत्रावली में शामिल किया गया। वहीं डीजल चलित वाहनों पर एक फीसदी अतिरिक्त रजिस्ट्रेशन टैक्स लगाने पर सहमति बनने के बाद इसे भी प्रस्ताव में शामिल किया गया।

अभी 8 से 10 परसेंट लगता
आरटीओ ऑफिसर्स के मुताबिक अभी तक कॉमर्शियल वाहन, टू व फोर व्हीलर व्हीकल की मूल कीमत का आठ से 10 परसेंट रजिस्ट्रेशन टैक्स लगता है। नए प्रस्ताव के तहत रजिस्ट्रेशन टैक्स तीन कैटेगरी में डिवाइड होगा। यह टैक्स किस प्रकार पे करना होगा। इसकी जानकारी प्रस्ताव पारित होने के बाद ही दी जाएगी। ऑफिसर्स के मुताबिक डीजल व्हीकल में एक परसेंट अधिक रजिस्ट्रेशन फीस लगाने का उद्देश्य इलेक्ट्रिक व्हीकल्स को बढ़ावा देना है। जिससे पाल्यूशन पर कंट्रोल किया जा सके। डिपार्टमेंट के एक सीनियर ऑफिसर ने बताया कि प्रस्ताव तैयार हो चुका है। शासन को अंतिम फैसला लेना है।

कानपुर में 35 परसेंट डीजल वाहन
कानपुर में रोजाना औसतन 250 से 300 वाहनों का रजिस्ट्रेशन होता है। इसमें 200 करीब टू व्हीलर व्हीकल होते हैं। वहीं 100 के लगभग फोर व्हीलर व्हीकल होते हैं। फोर व्हीलर में 35 से 40 प्रतिशत डीजल से चलने वाले व्हीकल होते है। बाकी इलेक्ट्रिक, सीएनजी व पेट्रोल से चलने वाले व्हीकल होते हैं। परिवहन आफिसर्स ने बताया कि पॉल्यूशन कंट्रोल के लिए इलेक्ट्रिक व्हीकल को बढ़ावा दिया जा रहा है। यही कारण है कि नए डीजल वाहनों पर रजिस्ट्रेशन टैक्स में एक परसेंट बढ़ोत्तरी की प्लानिंग की है।

17 लाख से अधिक रजिस्टर्ड व्हीकल
कानपुर आरटीओ में टोटल 17 लाख के लगभग व्हीकल रजिस्टर्ड है। जिसमें सबसे अधिक बाइक उसके बाद कार और बाद में अन्य कॉमर्शियल व्हीकल की संख्या है। आरटीओ के आंकड़ों के मुताबिक कॉमर्शियल व प्राइवेट डीजल व्हीकल की बात करे तो कानपुर में लगभग 6 लाख डीजल व्हीकल रजिस्टर्ड हैं। जिसमें गुड्स टेम्पो, बस, ट्रक, डंफर, क्रेन, ट्रैक्टर, कार समेत अन्य व्हीकल सम्मिलित हैं।