- ग्वालटोली के अहिराना निवासी मनीष के परिजनों में मचा कोहराम, सीएम से लेकर पीएम गुहार

- एक कंपनी के शिप में चीफ कुक के रूप में तैनात था, 29 जनवरी को हुई थी आखिरी बार बात

kanpur : मुंबई में एक कंपनी के शिप पर चीफ कुक के रूप में तैनात ग्वालटोली का रहने वाला युवक अचानक शिप से लापता हो गया। उसके लापता होने की खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। घरवालों ने प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री और डीजीपी तक को पत्र के माध्यम से उसके गुम होने की जानकारी दी गई है। मगर, अब तक मनीष का कुछ पता नहीं चल सका है।

मलेशिया के रास्ते पर

ग्वालटोली अहिराना निवासी जयसेवक पाल का बेटा मनीष मर्चेन्ट नेवी की ट्रेनिंग पूरी करने के बाद मुंबई स्थित बर्नहार्ड शटल शिप मैनेजमेंट प्रा। लि। कम्पनी में चीफ कुक के पद पर काम कर रहा था। मामा सुनील पाल ने बताया कि 12 सितम्बर 2020 को कंपनी की तरफ से उन्हें इंटरलिंक टेनासिटी शिप में भेजा गया था। उनका इस शिप में 11 जून 2021 तक का करार था। 29 जनवरी 2021 को सैय्यद बोरसिया के पास स्थित कलाईपेडा देश से वह शिप मलेशिया जा रहा था। उसी दोपहर लगभग 12 बजे मनीष ने वॉट्स एप कॉल के जरिए पत्‍‌नी पूजा और बहन शिवानी से बात की थी। उसने बताया था कि साथी स्टाफ मेंबर्स का स्वभाव अच्छा नहीं है। वह शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताडि़त करते हैं। उसी दिन शाम लगभग साढ़े छह बजे वह शिप से लापता हो गया।

ऐसे मिली परिजनों को जानकारी

मामा सुनील ने बताया कि इसी कम्पनी में किदवई नगर का एक और युवक काम करता था। वह भी मुंबई जा रहा था। कंपनी की तरफ से उसे सूचना दी गई और उसके भाई ने आकर घर पर बताया। साथ ही कंपनी का कॉनटेक्ट नम्बर भी दिया। जिससे मनीष पाल के लापता होने की जानकारी पुख्ता हो गई। मामा का कहना था कि उन्होंने प्रधानमंत्री, विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय, मुख्यमंत्री और डीजीपी और डीआईजी को लेटर भेजकर घटना के बारे में जानकारी दे दी है। उनके भांजे का अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है।