सुख, समृद्धि और शांति के लिए

कानपुराइट्स अपने घर में सुख, समृद्धि और शांति के लिए कुछ खास किस्म के प्लांट लगा रहे हैं। रंजीत नगर स्थित ओए ग्रीन के ओनर गणेश तिवारी के अनुसार पिछले एक साल में साउथ एशिया और चाइना के प्लांट्स की डिमांड सिटी में कई गुना बढ़ गई है। ऐसे में आई नेक्स्ट ने उन लोगों से बात की जिनके घरों में ये पौधे लगे हैं। तो मालूम चला कि वाकई कमाल के हैं ये प्लांट्स।

बीमारियों को भी दूर कर देते हैं

आर्यनगर की रहने वाली ममता अवस्थी ने बताया कि ग्रीनरी बहुत पसंद है। जब मुझे ऐसे प्लांट्स के बारे में पता चला, जिनको लगाने से घर में सुख, समृद्धि और शांति आती है। इसके अलावा कई ऐसे प्लांट्स भी हैं, जो बीमारियों को भी सही करने में मददगार होते हैं। तो इन प्लांट्स को फौरन अपने घर में लगा लिया। प्लांट लगाने के कुछ समय बाद ही इस बात का एहसास हुआ कि जो कुछ मैंने इन प्लांट्स के बारे में सुना था, वो बिल्कुल सच था। मैंने अपने घर में पंचेरा मनी ट्री, लकी बेम्बू, होया ट्री के साथ ही कई तरह के फाइकस भी लगाए हैं। जो मेरे घर को अट्रैक्टिव लुक देते हैं। इस ग्रीनरी की वजह से घर में बच्चे बेहद फ्रेश फील करते हैं।

मिलती है पॉजिटिव इनर्जी

डॉ। शीला चित्रांशी ने बताया कि मैंने अपने घर में लकी बेम्बू और होया ट्री के प्लांट लगाए हैं। जिस दिन से घर में प्लांट लगा है, उस दिन से एक पॉजिटिव एनर्जी सी फील कर रही हूं। उन्होंने बताया कि वाकई ये पौधे बिल्कुल अलग हैं। इनकी बात ही कुछ और है। घर में इनको लगाने से पूरा माहौल चेंज हो गया है।

जेपेनीज एलोकासिया का प्लांट : जेपेनीज एलोकासिया के प्लांट को कुछ लोग कंप्यूटर टेबल प्लांट के नाम से भी जानते हैं। क्योंकि इस प्लांट को रखने के लिए सबसे बेहतर जगह कंप्यूटर टेबल ही है। प्लांट एक्सपर्ट गणेश तिवारी ने बताया कि ये प्लांट कंप्यूटर से निकलने वाली हार्मफुल रेजेज का करीब 20 से 30 परसेंट हिस्सा एब्जॉर्व कर लेता है।

---------------------

लकी बेम्बू दूर करता है वास्तुदोष

प्लांट एक्सपर्ट अखिलेश शुक्ला के मुताबिक चाइना और साउथ एशिया के लकी बेम्बू प्लांट को घर का वास्तुदोष दूर करने के लिए लगाया जाता है। जिस घर में बेम्बू का प्लांट होता है वहां पर शांति बनी रहती है और वहां रहने वालों का एनर्जी लेवल भी बेहतर रहता है। प्लांट की एवरेज लाइफ ढाई साल होती है। ये इनडोर प्लांट है।

धन और ऐश्वर्य का प्रतीक

पंचेरा मनी ट्री की पांच लीव्स ही इसकी स्पेशियलिटी होती है। घर में धन और ऐश्वर्य के लिए इस ट्री का प्लांट लगाया जाता है। साउथ ईस्ट एशिया में पंचेरा मनी ट्री को एक-दूसरे को गिफ्ट किया जाता है। ये प्लांट इनडोर और आउटडोर दोनों होते हैं।

होया ट्री को मानते हैं शुभ

होय ट्री की लीव्स हार्ट के शेप की होती हैं। फेंगशुई में इसे शुभ मानते हैं। ऐसा माना जाता है कि जैसे-जैसे इस प्लांट की बेल बढ़ती हैं। वैसे-वैसे घर में रहने वाले लोगों के बीच आपस में प्यार बढ़ता है। इस प्लांट को भी इनडोर और आउटडोर लगा सकते हैं।

समी ट्री है ग्रह की शांति के लिए

समी पत्र को वास्तु दोष और ग्रह शांति के लिए लगाया जाता है। इसे नौ ग्रह की शांति के लिए भी शुभ माना जाता है।

ये है पूजा का केंद्र

पीपल को ब्रहृम वृक्ष माना गया है। हिंदू रीति-रिवाज में इसे सभी पूजाओं का केंद्र कहा जाता है। क्योंकि पीपल के पेड़ में सभी देवताओं का वास माना जाता है। बरगद को भी ग्रहों की शांति के लिए शुभ माना जाता है। बरगद घर में स्त्री और पुरुष दोनों के लिए शुभदायक होता है। लेकिन इसके लिए प्लांट की घर में सही दिशा को निश्चित करना बहुत जरूरी है।

पेट के लिए रामबाण

बेल का फल पेट की कई बीमारियों को दूर करता है। बेल की पत्तियों का शर्बत पीने से डायबिटीज को कम किया जा सकता है।

-----------------

Fact sheet

9 ग्रहों के नौ पेड़ होते हैं। अगर आप जेम्स धारण नहीं करना चाहते हैं तो आप ग्रहों से संबंधित पेड़ों की जड़ को धारण कर सकते हैं।

-सूर्य ग्रह को शांत करने के लिए बेल पत्र की जड़ लाल रंग के धागे में संडे को पहनें।

-चंद्रमा ग्रह के लिए खिरनी की जड़ सफेद धागे में मंडे को पहनें।

-मंगल ग्रह के लिए अनंतमूल की जड़ लाल धागे में ट्यूजडे को पहनें.ं

-बुध ग्रह के लिए विधारा की जड़ और अपामार्ग या लठजीरा की जड़ हरे धागे में वेडनेसडे को पहनें।

-गुरू ग्रह के लिए केले की जड़ पीले धागे में थर्सडे को पहनें।

-शुक्र ग्रह के लिए सरपोखा की जड़ सफेद धागे में फ्राइडे को पहनें।

-शनि ग्रह के लिए समी की जड़ काले धागे में सैटरडे को पहनें।

-राहु ग्रह के लिए सफेद चंदन नीले धागे में वेडनेसडे को पहनें।

-केतु ग्रह के लिए असगंध की जड़ नीले धागे में थर्सडे को पहनें।

---------------------

"जितने भी कांटेदार वृक्ष होते हैं उन्हें घर के अंदर नहीं लगाना चाहिए। अगर पीपल घर के पूर्व दिशा में हो तो गरीबी देता है लेकिन पश्चिम दिशा में शुभ होता है। बरगद पूर्व दिशा में कामना पूर्ति और समृद्धि देता है। लेकिन पश्चिम में बरगद का पेड़ हो तो घर की स्त्रियों को नुकसान होता है। बेल का पेड़ वायव्व (साउथ-वेस्ट एंगल) में शुभकारक होता है। (नार्थ-ईस्ट) ईशान कोण में आंवले का पेड़ शुभकारक होता है। साउथ में गूलर का पेड़ शुभ होता है। आग्नेय (साउथ-ईस्ट) में अनार का पेड़ शुभ होता है.  उत्तर में पाकर का पेड़ शुभ होता है। जिससे घर में सभी की हेल्थ बेहतर रहती है। अगर घर में कोई पेड़ अपने आप पनपने लगे और आप उसे काटे बिना हटाना चाहते हैं तो उसके पेरलर या बगल में अशोक का पेड़ लगा दें तो उसकी रेमेडी हो जाती है."

पुनीत त्रिपाठी, एस्ट्रोलॉजिस्ट

----------------

"मुझे प्लांट बहुत पसंद हैं और मैं खुद प्लांटेशन भी करता हूं। मैंने घर पर कई प्लांट लगा रखे हैं। मैंने इनडोर के साथ ही आउटडोर प्लांट भी लगाए हैं। घर में पॉजिटिव एनर्जी के लिए बाहर की तरफ अशोक का पेड़ भी लगाया है."

मनीष गुप्ता, मनीराम बगिया

"मेरे घर के बाहर ओपन एरिया है। जिसमें मैंने अलग-अलग तरह के प्लांट लगा रखे हैं। लेकिन घर के अंदर स्पेशली लकी बेम्बू और पंचेरा मनी ट्री का प्लांट लगाया है."

मनीष, हैरेसगंज