कानपुर (ब्यूरो)। कोहरे के कारण देरी से चल रही ट्रेनें पैसेंजर्स की समस्या बढ़ा रही हैं। ट्यूजडे को नई दिल्ली स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस लखनऊ से ही ढाई घंटा देरी से चली। इससे सेंट्रल स्टेशन पर पैसेंजर्स इंतजार करते रहे। कई बार समय बदलने का एनाउंसमेंट से पैसेंजर्स में कंफ्यूजन की स्थिति बनी रही। वंदे भारत एक्सप्रेस, श्रम शक्ति एक्सप्रेस समेत लंबी दूरी की 78 से अधिक ट्रेनें देरी आईं। इससे पैसेंजर्स को परेशानी हुई। ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण हर दिन हजारों पैसेंजर टिकट लौटा रहे हैं।

चार से छह घंटे लेट

यशोदानगर निवासी अरविंद के अनुसार जनवरी में दो बार दिल्ली की जर्नी की। इस दौरान हर बार ट्रेन तय समय से चार से छह घंटा देरी से पहुंचने से जिस काम के लिए गए, उसमें लेट हो गया। इसी तरह बर्रा के मोहित ने बताया कि डेली लखनऊ आते-जाते हैं। समय से ट्रेन नहीं मिलती है।

कौन सी ट्रेन कितनी लेट

नई दिल्ली स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस लखनऊ से निर्धारित समय दोपहर 3:30 बजे के स्थान पर शाम 6:05 बजे चली। इससे ट्रेन 7:09 बजे सेंट्रल स्टेशन आ सकी, जबकि उसके यहां पहुंचने का समय 4:48 बजे है। इसी तरह नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस निर्धारित समय 6:30 बजे के स्थान पर साढ़े तीन घंटा देरी से आई। श्रम शक्ति भी चार घंटा लेट रही। रेलवे के आफिसर्स के अनुसार, डेली तीन से चार हजार के बीच पैसेंजर्स टिकट कैंसिल करा रहे हैं।