- बीओबी के बाद अब बैंक ऑफ इंडिया भी लेगा डिपाजिट पर चार्ज, एक जनवरी से चार्जेस होंगे लागू

- अर्बन और सेमी रूरल ब्रांचों के लिए अलग चार्जेस, कई और सेवाओं पर बढ़ाया सर्विस चार्ज

KANPUR: बैंकों में अपना पैसा जमा करने के लिए भी अब चार्ज देने का दौर शुरू हो गया है। एक और पब्लिक सेक्टर के बैंक बीओआई ने नोट जमा करने चार्जेस लगाने की तैयारी कर ली है। नोट जमा करने पर चार्ज एक जनवरी 2021 से लगेगा। यह चार्जेस सेविंग्स और करंट एकाउंट दोनों पर लगेंगे। रूरल और अर्बन एरियाज के बैंकों में तय लिमिट से ज्यादा बार कैश डिपाजिट करने पर अलग अलग चार्ज लगाया गया है। बैंक ने इसके कैश डिपाजिट के अलावा कई और सर्विसेस के लिए अपने चार्जेस को रिवाइज किया है। इनमें से कई चार्जेस में बढ़ोत्तरी भी की गई है।

सेविंग्स और करंट दोनों में

बैंक ऑफ इंडिया की ओर से अपनी कई सर्विसेस के लिए यूजर चार्जेस में बढ़ोत्तरी की है। इसमें सबसे प्रमुख कैश डिपाजिट में लिया जाने वाला चार्ज है। सेविंग्स अकाउंट में महीने में 5 बार डिपाजिट फ्री है। जबकि उसे बाद प्रति डिपाजिट 50 रुपए सर्विस चार्ज लगेगा। वहीं करंट अकाउंट में प्रतिदिन एक लाख रुपए तक डिपाजिट पर कोई चार्ज नहीं है, लेकिन एक लाख रुपए से ज्यादा डिपाजिट होने पर प्रति एक हजार रुपए पर 10 रुपए तक सर्विस चार्ज लगेगा। इसमें मिनिमम सर्विस चार्ज 100 रुपए और मैक्सिमम चार्ज 20 हजार रुपए तक निर्धारित किया गया है।

छोटे नोटों पर भी चार्ज

बैंक में कैश डिपाजिट को लेकर एक और व्यवस्था की गई है। क्योंकि 100 रुपए से छोटे डॉमिनियन के करेंसी नोटों को गिरने की कोई अलग व्यवस्था नहीं है। उसे मैनुअली ही गिना जाता है। ऐसे में 100 रुपए से कम के एक हजार नोटों तक तो कोई चार्ज नहीं लगेगा,लेकिन उससे ज्यादा नोट होने पर प्रति पैकेट यानी 100 नोट 10 रुपए डिपॉजिट का सर्विस चार्ज लगेगा।

बढ़ाए कई चार्जेस

बैंक ने कैश डिपाजिट के अलावा एक जनवरी से अपनी कई सेवाओं के लिए सर्विस चार्जेस को रिवाइज किया है। जैसे लोन प्रोसेसिंग फीस अब लोन अमाउंट का 0.25 परसेंट होगी। पहले यह कम थी। लोन प्रोसेसिंग चार्ज मिनिमम 1500 रुपए और मैक्सिमम 20 हजार रुपए तक रहेगा। वहीं रुरल एरिया की ब्रांचों में लोन प्रोसेसिंग का मैक्सिमम चार्ज 15 हजार रुपए तक ही होगा। मेट्रो, अर्बन और रुरल एरियाज की बैंक शाखाओं में सर्विस चार्जे के रेट में थोड़ा फर्क भी है। बैंक ने अपने लॉकर के रेंटल में भी बदलाव किया है।

24 से ज्यादा ब्रांचेस

बैंक ऑफ इंडिया की कानपुर में दो दर्जन शाखाएं हैं। इसमें कारपोरेट ब्रांच, एसएसआई ब्रांच और रिटेल हब अलग से है। जिसमें 50 हजार से ज्यादा खाताधारक हैं। मालूम हो कि इससे पहले बैंक ऑफ बड़ौदा ने भी अपनी ब्रांचों में कैश डिपाजिट और विदड्राल पर चार्जेस का ऐलान किया था,लेकिन बाद में इसे रोक दिया गया।