- संडे की रात डैमेज हो गया दादा नगर 132 केवी का 63 एमवीए पॉवर ट्रांसफॉर्मर

-केस्को इंडस्ट्रियल एरिया के सबस्टेशन और फीडर रोस्टरिंग करके चलाया जाएगा

KANPUR(6 July): लॉकडाउन के बाद इंडस्ट्रीज खुलने से स्थितियां कुछ सामान्य हो रही थी कि इस बीच एक बड़ी मुसीबत फिर सामने खड़ी हो गई है। दरअसल, संडे की रात दादा नगर ट्रांसमिशन का 63 एमवीए पॉवर ट्रांसमिशन डैमेज हो गया है। इसकी वजह से मंडे को दादा नगर 132 केवी ट्रांसमिशन से जुड़ी दादा नगर, पनकी आदि इंडस्ट्रियल एरिया में जबरदस्त बिजली संकट रहा। करीब 5 हजार फैक्ट्रीज में कामकाज ठप होने से प्रोडक्शन नहीं हो सका। फिलहाल 5 दिन और प्रोडक्शन में गिरावट रहेगी। क्योंकि कन्नौज से दूसरा पॉवर ट्रांसफॉर्मर आने और लगने में कम से कम 5 दिन और लग सकते हैं। इस बीच केस्को इंडस्ट्रियल एरिया के सबस्टेशन और फीडर रोस्टरिंग करके चलाया जाएगा।

डीजल महंगा, कॉस्ट बढ़ेगी

दादा नगर 132 केवी प्राइमरी ट्रांसमिशन स्टेशन में 63 व 40 एमवीए के दो पॉवर ट्रांसफॉर्मर लगे हुए हैं। इनमें से 63 एमवीए का पॉवर ट्रांसफॉर्मर संडे की रात 7.30 बजे करीब खराब हो गया। संडे को फैक्ट्री बंद होने के कारण कुछ खास असर नहीं हु्आ। मंडे को दादा नगर, पनकी, बजरंगबली आदि इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्री खुली तो लाइट गायब मिली। इंडस्ट्रियलिस्ट ने केस्को आफिसर से जानकारी की तो पॉवर ट्रांसफॉर्मर डैमेज होने का पता चला। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, कानपुर चैप्टर के अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने बताया कि दादानगर, पनकी सहित सभी इंडस्ट्रियल एरिया में 5 हजार से ज्यादा फैक्ट्रियां हैं। पॉवर ट्रंासफार्मर में खराबी के चलते पूरे इंडस्ट्रियल एरिया की बिजली गुल हो गई है। ऐसे में प्रतिदिन होने वाला 5 हजार करोड़ का प्रोडक्शन भी ठप हो गया है। डीजल काफी महंगा है। ऐसे में उद्यमी भी जेनरेटर चला कर प्रोडक्शन करेगा तो उसे नुकसान होगा।

होगी रोस्टरिंग

इंडस्ट्रियल आर्गनाइजेशन की ओर से बताया गया कि इस पावर कट की वजह से हो रहे नुकसान के बाबत पॉवर कार्पोरेशन के सीनियर आफिसर्स से बात की गई। उन्हें बताया गया कि पॉवर ट्रांसफॉर्मर बदले जाने की वजह से पॉवर सप्लाई 5-6 दिन तक प्रभावित रहेगी। फिलहाल रोस्टरिंग करके इंडस्ट्रीज को बिजली दी जाएगी। हालांकि उद्यमी संगठन इससे संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि जो शेड्यूल दिया गया है। उसके हिसाब से तो एक दिन फैक्ट्री चलेगी और दो दिन बंद रहेगी।

कोट

पॉवर ट्रांसफार्मर को जल्द बदलने की व्यवस्था की जाए। जिससे फैक्ट्रियों में सामान्य तरीके से दोबारा उत्पादन शुरू हो सके।

-- सुनील वैश्य, एक्स नेशनल प्रेसीडेंट, अाईआईए

ऐसे होगी सप्लाई

डेट- 7 व 10 जुलाई

दादा नगर सबस्टेशन, आंशिक इस्पात नगर सबस्टेशन व सभी स्वतंत्र फीडर से सप्लाई सप्लाई होगी। बाकी सभी सबस्टेशन व फीडर बन्द रहेंगे

डेट -8 व 11 जुलाई

पनकी पॉलीमर सबस्टेशन, आंशिक इस्पात नगर व सभी स्वतंत्र फीडर से सप्लाई होगी। बाकी सभी सबस्टेशन व फीडर बन्द रहेंगे

डेट 9 व 12 जुलाई

मीता सराय व उद्योग कुंज सबस्टेशन व सभी स्वतंत्र फीडर से सप्लाई होगी। बाकी सभी सबस्टेशन व फीडर बंद रहेंगे।