कानपुर (ब्यूरो)। चकेरी थानाक्षेत्र में सडक़ पार कर रहे रिटायर्ड सूबेदार को ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें निजी अस्पताल ले गई, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने हादसे को अंजाम देकर भाग रहे ट्रक को कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जाजमऊ के कैलाश नगर में रहते थे मृतक

जाजमऊ के कैलाश नगर के रहने वाले 62 साल के बुजुर्ग विष्णु कुमार त्रिपाठी आर्मी में सेबूदार पद से रिटायर हुए थे। उनके परिजनों ने बताया कि संडे को वह चकेरी के रामादेवी फ्लाईओवर पर सडक़ पार कर रहे थे, इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान हादसे को अंजाम देकर भागने पर पीछे चल रहे राहगीरों ने शोर मचाते हुए ट्रक को ओवरटेक करते हुए रुकवा लिया। चालक भागने में सफल रहा।

एयरफोर्स अस्पताल से रेफर किए गए थे निजी अस्पताल

इसके बाद सूचना थाना पुलिस को कर दी। पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिजन नाजुक हालत में उन्हें लेकर एयरफोर्स अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें सर्वोदय नगर के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां इलाज शुरू होने के कुछ देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। घर पर जैसे ही पत्नी मीरा त्रिपाठी को मौत की सूचना मिली तो कोहराम मच गया। घटना के बाद मृतक के दोनों बेटे विवेक त्रिपाठी, गौरव त्रिपाठी व शादीशुदा बेटी सोनी का रो-रोकर बुरा हाल था। चकेरी पुलिस के अनुसार ट्रक को कब्जे में लेकर चालक का पता लगाया जा रहा है।