-अल्टरनेट सप्लाई के लिए फूलबाग 220 केवी ट्रांसमिशन से जोड़े जाने हैं केस्को के करीब एक दर्जन सबस्टेशन

-स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत रोड किनारे बनाई जा रही ट्रेंच के कारण केस्को नहीं बिछा पा रहा केबल

KANPUR: फूलबाग 220 केवी ट्रांसमिशन करीब एक महीने चालू हो गया था, लेकिन अभी तक इसका फायदा करीब 10 लाख कानपुराइट्स को नहीं मिल पा रहा है। केस्को अपने करीब एक दर्जन सबस्टेशनों को इस ट्रांसमिशन से जोड़कर डबल पॉवर सप्लाई अरेजमेंट नहीं कर पा रहा है। इसकी वजह से इन सबस्टेशन एरिया में रहने वालों को पॉवर क्राइसिस से जूझना पड़ रहा है। केस्को ऑफिसर इसके लिए स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अ‌र्न्तगत हो रहे काम को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

एक दर्जन सबस्टेशन

झाड़ी बाबा पड़ाव कैंट तिराहा के पास ट्रांसमिशन ने 220 केवी का स्टेशन बनाया है। इसी ट्रांसमिशन स्टेशन की बिजली कानपुर मेट्रो को दी जाएगी। इसके अलावा इसी ट्रांसमिशन से फूलबाग, झाड़ी बाबा पड़ाव कैंट, सरसैयाघाट, दालमंडी, शनिदेव मंदिर एक्सप्रेस रोड, घंटाघर, खासबाजार, छप्पर मूलगंज, ओईएफ, आलूमंडी, आरबीआई, उर्सला, केपीएम और म्योर मिल सिविल आदि केस्को सबस्टेशन जोड़े जाने हैं।

खत्म होगी ओवरलोडिंग की प्रॉब्लम

इससे इन सबस्टेशन की मेन सप्लाई फूलबाग ट्रांसमिशन से हो जाएगी। अल्टरनेट सप्लाई पहले की तरह वीआईपी रोड स्थित आरपीएच 220 केवी से ट्रांसमिशन रहेगी। ये जरूर है कि मेन सप्लाई फूलबाग ट्रांसमिशन से हो जाने पर आरपीएच 220 केवी और आजाद नगर 132 केवी की ओवरलोडिंग की समस्या खत्म हो जाएगी। केस्को सबस्टेशंस को जोड़ने के लिए ट्रांसमिशन से इलेक्ट्रिसिटी पोल लगाकर लाइन बिछाई जानी है। पर अभी तक केस्को पोल व लाइन का काम नहीं कर सका है।

केवल एक सबस्टेशन जुड़ा

फूलबाग ट्रांसमिशन स्टेशन अक्टूबर में चालू होने की जानकारी पाकर केस्को ने पहले ही पोल व लाइन बनाने के लिए टेंडर कर दिए थे। इसके साथ ही फूलबाग ट्रांसमिशन स्टेशन से केस्को के झाड़ीबाबा पड़ाव ट्रांसमिशन स्टेशन तक लाइन बनाकर उसे जोड़ भी दिया। क्योंकि यह एरिया स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की जद में नहीं आ रहा है।

डबल फायदा

म्योर मिल सिविल लाइंस, साइकिल मार्केट लालइमली, मालरोड व जीआईसी सबस्टेशन फिलहाल आजाद नगर 132 केवी से चल रहे हैं। ये चारों इंटरकनेक्ट भी हैं। केस्को ऑफिसर्स के मुताबिक फिलहाल फूलबाग ट्रांसमिशन से म्योर मिल सिविल लाइंस स्टेशन जोड़ा जाएगा। पर आजाद नगर 132 केवी की लाइन में फॉल्ट आने पर इंटरकनेक्ट सबस्टेशन होने के कारण माल रोड, साइकिल मार्केट व जीआईसी भी चलाए जा सकेंगे।

ट्रेंच से ही गुजरेगी केबल

केस्को के चीफ इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि इलेक्ट्रिसिटी लाइन, पोल व अंडरग्राउंड केबल बिछाने के लिए टेंडर किए जा चुके हैं, लेकिन स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत ट्रेंच बनाई जा रही है। इन्हीं ट्रेंच में होकर केस्को की केबल भी गुजरेगी। इसी वजह से काम प्रभावित हैं। फिलहाल 2 ट्रेंच बनी है। जिनमें केबल बिछा दी गई है। अभी अन्य ट्रेंच नहीं बनी हैं, जैसे ही बन जाएगी। केबल बिछाने के साथ कंडक्टर व पोल लगाने का काम किया जाएगा।

ये सबस्टेशन जुड़ेंगे

फूलबाग,झाड़ी बाबा पड़ाव कैंट

सरसैयाघाट, दालमंडी, शनिदेव मंदिर एक्सप्रेस रोड, घंटाघर, खास बाजार, छप्पर मूलगंज, ओईएफ, आलूमंडी, म्योर मिल सिविल लाइंस, आरबीआई, उर्सला, केपीएम आदि